विदिशा : मंगलवार, सितम्बर 2, 2025,
कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता ने आज बासौदा क्षेत्र के भ्रमण के दौरान आजाद नगर में प्रधानमंत्री जन मन योजना अंतर्गत बनाए गए आवासों का निरीक्षण किया। उन्होंने आवासों में रह रहे हितग्राहियों से सीधे संवाद कर उनकी आवश्यकताओं, सुविधाओं और योजनाओं से हो रहे लाभ की जानकारी ली।
हितग्राहियों ने बताया कि उन्हें पक्के मकान मिलने से जीवन स्तर में सुधार हुआ है और परिवार सुरक्षित महसूस करता है। कलेक्टर श्री गुप्ता ने कहा कि “प्रधानमंत्री जन मन योजना का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराना है। जिला प्रशासन यह सुनिश्चित करेगा कि सभी पात्र परिवारों को योजनाओं का लाभ समय पर मिले
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अधिकारियों को हितग्राहियों की मूलभूत सुविधाओं जैसे पानी, बिजली एवं स्वच्छता की व्यवस्था निरंतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता ने आजाद नगर में एक सामुदायिक भवन बनाने की प्रक्रिया योजना तहत क्रियान्वित कराने के निर्देश दिए हैं। उक्त भवन का आंगन बाड़ी केन्द्र तथा अन्य सार्वजनिक कार्यक्रमों में उपयोग किया जा सकें।
कलेक्टर श्री गुप्ता ने भ्रमण के दौरान किराए के भवन में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र में पहुंचकर बच्चों की संख्या, कितने रोज आते हैं। कुल बच्चों में से कुपोषित,अति कुपोषित बच्चों की संख्या और उन्हें प्रदाय सुविधाओं के संदर्भ में पूछ ताज की है। बच्चों के अभिभावकों से रोजगार के लिए समीपवर्ती औद्योगिक क्षेत्र, शासकीय योजनाओं का लाभ लेने हेतु प्रेरित किया है।
कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता ने शासकीय प्राथमिक सेटेलाइट शाला आजाद नगर में पहुंचकर अध्ययनरत बच्चों से संवाद किया वहीं शिक्षिकाओं से बच्चो की उपस्थिति को बढाने और समय पर अध्यापन कार्य कराने हेतु ताकिद किया है। निरीक्षण भ्रमण के दौरान जिपं सीईओ श्री ओपी सनोडिया, के साथ साथ अन्य विभागों के अधिकारी साथ मौजूद रहे।




