एक्सपायरी दवाओं के संग्रहण, विक्रय पर तत्काल रोक एवं पंजीकृत कंपनियों से ही सामग्री उठाव कराने के निर्देश
विदिशा : सोमवार, जुलाई 21, 2025,
कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्री अंशुल गुप्ता के द्वारा दिए निर्देशों के परिपालन में नटेरन एवं शमशाबाद अनुविभागीय कार्यालयों में कीटनाशक, खरपतवारनाशी विक्रेताओं की विशेष बैठक का आयोजन एसडीएम श्री अजय प्रताप सिंह पटेल की अध्यक्षता में किया गया।
एसडीएम श्री पटेल ने बैठक में विक्रेताओं को कीटनाशक विक्रेताओं को निर्देश दिए हैं कि वह अपने प्रतिष्ठानों पर बोर्ड, रेटलिस्ट, बिल बुक, कृषकों की जानकारी संधारण पंजी, उनके हस्ताक्षर, सीजन के अनुसार दवाइयों के प्रचार – प्रसार की सामग्रियां इत्यादि की व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। उन्होंने एक्सपायरी दवाओं के संग्रहण, विक्रय पर तत्काल रोक एवं पंजीकृत कंपनियों से ही सामग्री उठाव कराने के निर्देश भी दिए हैं तथा दोनों तहसीलों शमशाबाद दूर नटेरन के विक्रेताओं को अपने स्टॉक से प्रत्येक माह की 5 तारीख को उपसंचालक कृषि कार्यालय विदिशा एवं वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी कार्यालय नटेरन को आदान, वितरण, शेष की जानकारी से अवगत कराए जाने के निर्देश भी दिए हैं।
उक्त बैठक में प्रभारी वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्री ओपी तिवारी, श्री जगदीश गुर्जर, श्री लक्ष्मण गुर्जर, श्री सत्यम नेमा उपस्थित रहे।
– विभागीय अधिकारी से संपर्क में रहें –
एसडीएम श्री पटेल ने विक्रेताओं को उनके क्षेत्रीय कृषि अधिकारियों, कृषि महाविद्यालय के वैज्ञानिकों से भी संपर्क बनाए रखने के संबंध में चर्चा की। जिसमें वैज्ञानिकों की सलाह के उपरांत ही कृषकों को उचित दवाओं के विक्रय एवं उपयोग करने की सलाह दी जाए। एवं कृषकों के त्वरित निराकरण हेतु जिलास्तरीय निरीक्षण दल का गठन एवं कीटनाशक नियंत्रण कंट्रोल रूम उपसंचालक कृषि जिला विदिशा से संपर्क में रहने के लिए भी निर्देशित किया गया।
– कृषकों को समयानुकूल सलाह दें –
श्री पटेल द्वारा कृषकों को वर्तमान स्थितियों से संबंधित कृषि क्रियाओं को दृष्टिगत रखते हुए उचित सलाह देने के निर्देश दिए गए हैं जिसमें मुख्यतः मिश्रित फसलों में खरपतवारनाशी के प्रयोग में सावधानियां जैसे – कृषि में उपयोग किए जाने वाले ड्रम को धोकर ही अन्य फसल में प्रयोग किया जाए आदि के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।




