विदिशा : गुरूवार, जुलाई 17, 2025,
कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता और पुलिस अधीक्षक श्री रोहित काशवानी से गुरूवार को आर्मी के आफीसरो ने सौजन्य भेंट कर विदिशा जिला मुख्यालय पर 20 अगस्त से दो सितम्बर से आर्मी भर्ती रैली आयोजन के संबंध में विस्तारपूर्वक चर्चा कर आर्मी भर्ती रैली प्रक्रिया हेतु किए जाने वाले प्रबंधो के संबंध में जानकारियां सांझा की गई है।
कलेक्टर श्री गुप्ता ने आश्वस्त कराया कि आर्मी भर्ती के लिए जिला प्रशासन से जो सहयोग अपेक्षित है वह समयावधि में पूरा किया जाएगा। पुलिस अधीक्षक श्री काश्वानी ने जिले में पूर्व में आर्मी भर्ती आयोजन प्रक्रिया के अनुभवो के आधारो पर आवश्यक सुझावो पर अमल करने पर बल दिया है।
कलेक्टर चेम्बर में आयोजित बैठक में कमाडिंग आफीसर (सीईओ) कर्नल जय शंकर एआरओ भोपाल के द्वारा आर्मी भर्ती प्रक्रिया आयोजन हेतु निर्धारित कार्यक्रम की जानकारियां पावर प्रेजेन्टेशन के माध्यम से दी गई जिसमें बतलाया गया कि सेना के माध्यम से आॅन लाइन पंजीकरण कार्य 12 मार्च से शुरू हुआ था जो 25 अप्रैल को बंद हुआ है। तीस जून से दस जुलाई तक आॅन लाइन सामान्य प्रवेश पत्र जारी किए गए है।
आर्मी भर्ती रैली की शुरूआत 20 अगस्त से शुरू होगी जो दो जुलाई को सम्पन्न होगी। उन्होंने बातचीत के दौरान विभिन्न विभागो के माध्यम से प्राप्त होने वाले सहयोग को भी रेखांकित किया है। इस दौरान बतलाया गया कि विदिशा के खेल स्टेडियम परिसर में आर्मी भर्ती प्रक्रिया का आयोजन किया जाएगा। प्रक्रिया के लिए आवश्यक प्रबंधो के अंतर्गत बिजली, इंटरनेट, मोबाइल, शौचालय, बेरिकेट्स, टेन्ट, कुर्सी, सुरक्षा के दृष्टिकोण से किए जाने वाले प्रबंध, रोड मेप रैली की तैयारी, कानून व्यवस्था, नोडल अधिकारी नियुक्त करना, वाहनो का प्रबंधन, आर्मी भर्ती मंे शामिल होेने वाले एवं अन्य के लिए विक्रय दर पर स्वल्पाहार भोजन के प्रबंध सुनिश्चित कराना। आर्मी आफीसरो को रूकने की व्यवस्था सहित अन्य बिन्दुओं से अवगत कराया गया है।
स्टेडियम का भ्रमण
कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक से आर्मी भर्ती की जानकारियां सांझा करने के उपरांत कर्नल जयशंकर सहित अन्य आर्मी आफीसरो के साथ जिला खेल अधिकारी श्री प्रदीप रावत ने विदिशा के खेल स्टेडियम क्षेत्र का भ्रमण कर आर्मी भर्ती के लिए किए जाने वाले आवश्यक प्रबंधो का चिन्हांकन किया है।




