विदिशा : बुधवार, जुलाई 9, 2025,
कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट के भूतल स्थित सभा कक्ष में प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना 2.0 वाटरशेड विकास घटक के कार्यों की समीक्षा की गई। इस बैठक में उन्होंने वाटर शेड के कार्यों की जानकारी ऑनलाइन अंकित करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने बैठक में उपस्थित सरपंचों से संवाद कर पंचायत स्तर पर किये जा रहे कार्यों के संबंध में जानकारी ली। सरपंचों द्वारा ग्राम की समस्याओं व सुझावों से भी अवगत कराया गया जिस पर कलेक्टर श्री गुप्ता ने पंचायत स्तर पर किए जाने वाले कार्यों को निर्धारित बजट में से उक्त कार्यों को पूर्ण कराए जाने पर जोर दिया।
कलेक्टर श्री गुप्ता ने वाटरशेड विकास कार्य मद अंतर्गत पूर्ण कार्यों के प्रस्तुत विवरण की जानकारी भी ली। उन्होंने अमृत सरोवर , चेक डैम, कंटूर ट्रंच, खेत तालाब, ग्रेबियम तालाब और सामुदायिक वृक्षारोपण के कार्यों की समीक्षा भी की। साथ ही साथ उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में नरवाई ना जलाने व नरवाई प्रबंधन के संबंध में भी आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया। उक्त समीक्षा बैठक में उन्होंने जिन योजनाओं में ग्रामीण क्षेत्रों में हितग्राहियों को ऋण मुहैया कराए गए हैं उसकी राशि समय सीमा में वसूल करने के निर्देश भी दिए हैं। इसके अलावा उन्होंने शासन की विभिन्न योजनाओं में उत्पादन बढ़ाने के उद्देश्य से ग्राम ग्राम भ्रमण कर अधिकारियों से भूसा मशीन, मसाला उत्पादन मशीन सहित इत्यादि कार्यों के लिए भी मशीन क्रय करने के निर्देश दिए हैं।
इस बैठक में परियोजना प्रारंभ से एनआरएलएम के कार्यों की वित्तीय प्रगति की जानकारी, वाटरशेड विकास कार्यों के अतिरिक्त 15 प्रतिशत के वित्तीय प्रगति की जानकारी, विभिन्न मद अंतर्गत प्रावधानित राशि के विरुद्ध व्यय का विवरण, वाटरशेड विकास कार्य मद अंतर्गत पूर्ण कार्यों का विवरण, वृक्षारोपण, सब्जी के क्लस्टर आधारित उत्पादन की प्रगति की समीक्षा, एफपीओ का विवरण, आजीविका उन्नयन गतिविधि हेतु स्व सहायता समूह के साथ बैठक के कार्यों की समीक्षा, सब्जी उत्पादन हेतु पात्र कृषकों का प्रशिक्षण, इत्यादि कार्यों की समीक्षा भी की गई।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री ओपी सनोडिया ने भी उक्त कार्यों के संबंध में दिशा निर्देश दिए। इस दौरान बैठक में समिति के सदस्य गण सरपंच व कृषि विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।




