विदिशा : शुक्रवार, जून 13, 2025,
CanKids और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के सहयोग से विदिशा में रेटिनोब्लास्टोमा जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का उद्देश्य बचपन के कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाना, रेफरल प्रणाली को मजबूत करना और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाना था।
कार्यशाला में समस्त विकासखंड के खंड चिकित्सा अधिकारी, बी पी एम, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी, नेत्र रोग सहायक, आशा पर्यवेक्षक और अन्य प्रमुख अधिकारियों ने भाग लिया। कार्यशाला के दौरान, विदिशा के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. योगेश तिवारी ने कहा कि बचपन के कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाने से हम बच्चों के स्वास्थ्य को बेहतर बना सकते हैं। इस प्रशिक्षण को गंभीरता से लेकर अपने अपने क्षेत्रों में कार्य करें।
एम्स भोपाल के डॉ. रेड्डी ने बताया कि बचपन के कैंसर के लक्षण सामान्य बीमारियों जैसे लग सकते हैं, लेकिन कुछ खास संकेत जैसे आंख की सफेद चमक (रेटिनोब्लास्टोमा), लगातार बुखार, वजन कम होना, लंबी खांसी, हाथ या पैर में सूजन और बार-बार ब्लीडिंग पर ध्यान देना आवश्यक है। समय पर पहचान और रेफरल से इलाज संभव है।
CanKids की मेडिकल सर्विसेज प्रमुख डॉ. नीलिमा ठाकुर ने बताया कि CanKids देशभर के 135 से अधिक कैंसर अस्पतालों में काम करता है और बच्चों व परिवारों को सामाजिक सहायता, शिक्षा, आवास, पोषण, यात्रा सुविधा व वित्तीय सहायता प्रदान करता है। उनका उद्देश्य है हर बच्चे को समय पर इलाज, हर परिवार को सही मार्गदर्शन।




