विदिशा : शुक्रवार, जून 6, 2025,
सागर सांसद श्रीमती लता वानखेडे ने आज संसदीय क्षेत्र में केन्द्र सरकार के द्वारा निर्माण कार्यो के लिए जारी की गई राशि व केन्द्रीय योजना एवं कार्यक्रमो की समीक्षा विदिशा जिले में कर अद्यतन जानकारियांे से अवगत हुई है।
जिला पंचायत केे सभागार कक्ष में आयोजित निर्माण कार्यो की समीक्षा बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती गीता कैलाश रघुवंशी, शमशाबाद विधायक श्री सूर्यप्रकाश मीणा, कुरवाई विधायक श्री हरिसिंह सप्रे के अलावा अन्य जनप्रतिनिधि तथा कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता, पुलिस अधीक्षक श्री रोहित काशवानी, वन मण्डलाधिकारी श्री हेमंत यादव, अपर कलेक्टर श्री अनिल कुमार डामोर समेत विभिन्न विभागो के अधिकारी मौजूद रहें।
सांसद श्रीमती लता वानखेडे ने समीक्षा बैठक में विभागो के अधिकारियों को स्पष्ट रूप से सचेत करते हुए उन सबसे कहा है कि सभी निर्माण कार्य तय अवधि में पूर्ण गुणवत्ता के साथ पूरे कराए जाएं। निर्माण कार्यो के प्रारंभ और लोकार्पण के दौरान जनप्रतिनिधियों को अवश्य रूप से कार्यक्रमो में आमंत्रित किया जाए। वहीं जो निर्माण कार्य क्रियान्वित हो रहे है कि अद्यतन जानकारियां भी जनप्रतिनिधियो को सांझा करना सुनिश्चित करेंगे।
संासद श्रीमती वानखेडे ने कहा कि जनता के विश्वास पर अधिकारी खरे उतरे, जनता परेशान ना हो यहीं उद्धेश्य अपने विभागीय निर्माण कार्यो को पूरा करें। यदि कोई किसी समस्या को लेकर फोन करता है तो उसकी बात को धैर्यता से सुनकर रचनात्मक जबाव दें और परिणाममूलक कार्य समय में कर अपने विश्वास की ख्याति मंे बढोतरी करें।
सांसद श्रीमती लता वानखेडे ने निर्माण कार्यो की समीक्षा के दौरान लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग और जल निगम के अधिकारियों को सचेत करते हुए कहा कि भ्रमण के दौरान विभागीय शिकायते प्राप्त हो रही है खासकर नलजल योजना से संबंधित आधे अधूरे पाइप लाइन गांव में होना, पाइप लाइन से पानी ना मिलना, अनेक जगह ठेकेदार द्वारा पूरा कार्य नहीं किया गया है पर राशि का पूरा भुगतान किया गया है। उन्होंने नल जल योजना के क्रियान्वयन कार्यो को अति गंभीरता से लेने की हिदायत देते हुए कहा कि सबसे पहले जल स्त्रोत का चिन्हांकन किया जाए । पर्याप्त मात्रा में जल की प्राप्ति होेने के उपरांत टंकियों का निर्माण कार्य कराया जाए इसके बाद गांव में घर-घर पानी पहुंचाने के लिए पाइप लाइन का विस्तारीकरण कार्य किया जाए इस कार्य के दौरान यदि गांव में कहीं सीसी रोड की खुदाई की जाती है तो उसे कार्य पूर्ण होने के बाद पूर्व स्थिति में ही बनाने के प्रबंध क्रियान्वित किए जाए। उन्होंने जल संसाधन, जल निगम और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यो की पृथक से समीक्षा बैठक आयोजित करने के निर्देश देते हुए निर्माण कार्यो के सभी विभागो के अधिकारियांे से कहा कि आगामी दिशा की बैठक के पहले आज हुई बैठक में जो निर्णय लिए गए है, जिन निर्माण कार्यो में कमियां बतलाई गई है उन सबको दूरस्थ कराते हुए कार्य पूर्ण करें।
समीक्षा बैठक के दौरान शमशाबाद विधायक श्री सूर्यप्रकाश मीणा ने विधानसभा क्षेत्र में ग्रीष्मकाल के दौरान पेयजल आपूर्ति के संबंध में हुई दिक्कतो, गांव के बाहर बस्तियों में रहने वाले नागरिकों को पानी और बिजली की आपूर्ति के प्रबंध सुनिश्चित कराने, सभी 70 वर्षीय नागरिकों के आयुष्मान कार्ड बनाने तथा निर्माण कार्यो के पेटी कांट्रेक्टरों की लंबित भुगतान की राशि जारी करने के निर्देश दिए है।
कुरवाई विधायक श्री हरिसिंह सप्रे ने विधानसभा क्षेत्र में निर्माण कार्यो का समय सीमा में पूरा नहीं कराने तथा योजनाओं के लाभ प्राप्ति में हो रही विलम्बता को रेखांकित किया वहीं जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती गीता कैलाश रघुवंशी ने ग्रामीण क्षेत्रो में नल जल योजना के कार्यो तथा एनएच के निर्माण कार्यो के दौरान गांव की सडको की क्षतिग्रस्त होने से अवगत कराया है।
जिला पंचायत के सभागार कक्ष में सम्पन्न हुई उक्त बैठक में एनएच, भारत संचार निगम लिमिटेड, प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना तथा मेडिकल काॅलेज में संपादित कराए जा रहे निर्माण कार्यो के अलावा विभिन्न योजनाओं व कार्यक्रमो के अंतर्गत आयुष्मान भारत योजना, अटल पेंशन योजना, तेन्दूपत्ता संग्रहण, प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना, आजीविका मिशन, महात्मा गांधी नरेगा स्कीम, मध्यप्रदेश विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड तथा जल गंगा संवर्धन अभियान के कार्यो की समीक्षा की गई। संबंधित विभागो के जिलाधिकारियों द्वारा अद्यतन जानकारियांे से अवगत कराया गया है।




