विदिशा : शुक्रवार, मई 30, 2025,
नीलकमल वैद्य कृषि उपज मंडी समिति विदिशा में सचिव पद पर कार्यरत हैं वह बताती हैं कि उन्होंने अपने पारिवारिक दायित्वों के साथ साथ अपने प्रशासनिक व कार्यालयीन कर्तव्यों का निर्वहन ईमानदारी व सजगता से करते हुए कृषकों को कृषि उपज विक्रय हेतु उचित सुविधाओं व मंडी प्रांगण में आवश्यक बुनियादी व आधारभूत सुविधाओं को उपलब्ध कराने के साथ साथ मंडी समिति के हित मे आवश्यक कार्यवाही हेतु सक्रिय भूमिका निभा रही हैं साथ ही महिला सशक्तिकरण की दिशा में भी कार्य कर रही हैं महिला कृषकों के उत्थान के लिए भी वे अग्रसर रहती हैं।
मंडी सचिव नीलकमल वैद्य ने बताया कि शुरुआत में लोग कहते थे कि महिला होकर मंडी समिति में नौकरी करना मुश्किल है। किंतु उन्होंने अपने कर्तव्यों के दौरान लंबी ड्यूटी, कठिन परिस्थितियां, रात्रि में निरीक्षण कार्य व सीजन में तेज धूप व गर्मी में कृषक हित व मंडी हित में अपने कर्तव्यों का सजगता से निर्वहन किया उन्होंने कभी हार नहीं मानी। हर चुनौती का डटकर सामना किया उन्होंने अपनी कमजोरी को ही अपनी ताकत बनाया।
उन्होंने मंडी विदिशा में सचिव पद पर 01 वर्ष के कार्यकाल में बहुप्रतीक्षित भू आवंटन की कार्यवाही संपादित की जिससे 16 व्यापारियों द्वारा भूखंड क्रय करने पर मंडी समिति को कुल राशि 2,26,41,600 रुपए एवं पांच नग सेंड्री शॉप की नीलामी पर 99 लाख रुपए की आय मंडी समिति को अर्जित हुई है।
-समाज में क्या बदलाव ला रहीं महिला मंडी सचिव –
मंडी सचिव नीलकमल वैद्य ने बताया कि अब मेरे परिवार व रिश्तेदारों में महिलाएं को लगता है कि वो भी पुरुषों के साथ कंधे से कन्धा मिलाकर अपने समाज, विभाग व देश के लिए कुछ कर सकती हैं एवं देश की उन्नति में अपना सहयोग दे सकती हैं।
– महिला सशक्तिकरण को लेकर संदेश –
मंडी सचिव नीलकमल वैद्य ने महिला सशक्तिकरण को लेकर संदेश दिया है कि महिला सशक्तिकरण सिर्फ शब्द नहीं, एक जिम्मेदारी है। हर महिला को आत्मरक्षा, आत्मनिर्भरता और आत्मसम्मान से जुड़ना चाहिए। हम सिर्फ समाज की सुरक्षा नहीं कर रहे हम नई पीढ़ी का आत्मविश्वास भी बना रहे हैं। इसलिए हमें अपने कर्तव्य का ईमानदारी से सजगता से निर्वहन करने पर समाज मे सभी महिलाओं के विचारों में परिवर्तन आएगा और सभी महिलाएं देश हित मे अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने हेतु अथक प्रयास करेंगीं।




