Saturday, April 25, 2026
spot_img
Homeराज्यविश्व उच्च रक्तचाप दिवस 17 मई के अवसर पर समाचार-पत्र वितरकों/हॉकर्स, नगर...

विश्व उच्च रक्तचाप दिवस 17 मई के अवसर पर समाचार-पत्र वितरकों/हॉकर्स, नगर निगम कर्मियों और सिटी बस चालकों के लिये स्वास्थ्य शिविर

1100 से अधिक लोग हुए लाभान्वित
अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सेवाएं पहुंचाना ही होना चाहिए हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता : राज्य मंत्री श्री पटेल

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय भोपाल द्वारा विश्व उच्च रक्तचाप दिवस के अवसर पर जिले में विभिन्न स्थानों पर स्वास्थ्य जागरूकता, जांच, परामर्श एवं उपचार शिविर आयोजित किए गए। समाचार-पत्र वितरकों, नगर निगम कर्मियों, सिटी बस चालकों और बस कंडक्टर्स के लिए आयोजित इन विशेष शिविरों में 1115 हितग्रहियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शिविरों में उच्च रक्तचाप, मधुमेह, हीमोग्लोबिन सहित विभिन्न जांच एवं उपचार निशुल्क दिया गया। साथ ही आभा आईडी एवं आयुष्मान कार्ड भी बनाए गए। शिविर में परिजनों का भी स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।

लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा राज्य मंत्री श्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल ने शिविर का अवलोकन किया। शहर के 6 स्थानों पर समाचार-पत्र वितरकों के लिए पहली बार स्वास्थ्य विभाग ने निजी अखबार समूह के साथ मिलकर स्पेशल कैंप लगाए हैं। शिविर में राज्य मंत्री श्री पटेल ने वितरकों से संवाद किया। उन्होंने जिला स्वास्थ्य समिति भोपाल के इस नवाचार की सराहना करते हुए कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के सपने को साकार करने के लिए वंचित वर्ग तक पहुंचने का यह प्रयास प्रशंसनीय है। उच्च रक्तचाप साइलेंट किलर है, इसलिए नियमित तौर पर जांच करवाना जरूरी है। विभाग द्वारा 30 साल से अधिक उम्र के लोगों के लिए नि:शुल्क स्क्रीनिंग, जांच और उपचार की व्यवस्था की गई है।

आईएसबीटी परिसर में आयोजित शिविर में 170 निगम कर्मियों और 85 सिटी बस चालकों और बस कंडक्टर्स का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इनमें से 27 में उच्च रक्तचाप ओर 21 में बढ़ी हुई शर्करा मिली है। जिले के 6 स्थानों पर अखबार वितरकों के लिए लगाए गए शिविरों में 860 लोगों के स्वास्थ्य परीक्षण में 96 उच्च रक्तचाप और 72 में बढ़ी हुई शर्करा मिली है। जिन्हें उपचार, दैनिक जीवनचर्या में परिवर्तन खान-पान में सावधानी एवं नियमित फॉलोअप की सलाह दी गई। शिविर में 45 आयुष्मान कार्ड और 118 आभा आईडी बनाई गईं।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी भोपाल डॉ. प्रभाकर तिवारी ने शिविर आयोजन में नगर निगम एवं मीडिया संस्थानों को सहयोग ज्ञापित करते हुए बताया कि हार्ट अटैक और ब्रेन स्ट्रोक के खतरों को कम करने का पहला कदम नियमित जांच और रक्तचाप को नियंत्रित करना है। उच्च रक्तचाप की जांच बेहद आसान और शासकीय स्वास्थ्य संस्थाओं में निशुल्क भी है।

विभाग द्वारा समाज के विभिन्न वंचित वर्गों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के प्रयास निरंतर किया जा रहे हैं। बीमारियों का चिन्हांकन कर नियमित फॉलोअप नजदीकी स्वास्थ्य संस्था के माध्यम से करवाया जा रहा है। आवश्यकता को देखते हुए फॉलोअप कैंप भी आयोजित किए जाएंगे।

RELATED ARTICLES

ADVERTISMENT

Most Popular