भोपाल 26 मार्च 2025
उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने रीवा शहर में अधोसंरचना विकास कार्यों की समीक्षा की। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि रीवा शहर तेजी से आगे बढ़ता हुआ शहर है। यहां के निवासियों को मूलभूत सुविधाओं की सुनिश्चितता के उद्देश्य से तथा आगामी वर्षों में शहर की वृद्धि के उद्देश्य से विभिन्न आवश्यक कार्य कराये जा रहे हैं। शहर में मीठा पानी घर-घर तथा उपलब्ध हो इस लिए पानी की 12 टंकियों का निर्माण कराया जा रहा है ताकि पाइपलाइन से सभी जगह मीठे पानी की सप्लाई सुनिश्चित हो सके। उसके साथ ही सीवर लाइन का कार्य भी प्रगति में है।
राजनिवास सर्किट हाउस रीवा में आयोजित बैठक में उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने रीवा वायपास के कार्य की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने बिजली के खंभे विस्थापित कर कार्य की तेज प्रगति के निर्देश दिये। उन्होंने बेला-सिलपरा रिंग रोड के कार्य को गति देते की बात कही। शहर में आईटी पार्क निर्माण तथा केन्द्रीय लाइब्रोरी भवन का कार्य को तेजी से पूर्ण किये जाने के निर्देश दिये। श्री शुक्ल ने सर्किट हाउस के नवीन भवन तथा रिवरफ्रंट के दूसरे चरण के कार्य को 15 अप्रैल तक पूर्ण कर लेने के निर्देश निर्माण एजेंसी को दिये। उन्होंने व्यंकट क्लब तथा पीडब्ल्यूडी भवन के निर्माण कार्य की अद्यतन प्रगति की भी जानकारी प्राप्त की तथा कार्य को तेजी से करने हेतु निर्देशित किया। बैठक में कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल, आयुक्त नगर निगम डॉ. सौरभ सोनवणे, अध्यक्ष नगर निगम व्यंकटेश पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




