Monday, May 11, 2026
spot_img
Homeराष्ट्रीय'नफरत की राजनीति को नकारने का मन बना लिया', राहुल गांधी- आगामी...

‘नफरत की राजनीति को नकारने का मन बना लिया’, राहुल गांधी- आगामी असम विधानसभा चुनाव को लेकर बोले

कांग्रेस नेतृत्व ने गुरुवार को असम के अपने वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक की, जिसमें अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ पार्टी के प्रदेश प्रभारी जितेंद्र सिंह, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भूपेन बोरा, लोकसभा सदस्य गौरव गोगोई और राज्य के कई अन्य नेता शामिल हुए। बैठक में सत्तारूढ़ भाजपा से एकजुट होकर लड़ने का संकल्प लिया गया। बैठक के बाद कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि असम की जनता ने नफरत की राजनीति को नकारते हुए कांग्रेस की प्रेम और प्रगति की राजनीति को अपनाने का फैसला किया है। बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी बात की, जिसमें उन्होंने पार्टी के आगामी चुनाव अभियान को मजबूत बनाने के लिए असम के नेताओं के प्रयासों की सराहना की।

मुख्यमंत्री राज्य को बेच रहे हैं

असम कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी जितेंद्र सिंह ने संवाददाताओं से कहा, आज की इस बैठक में असम के हर क्षेत्र से कांग्रेस नेता मौजूद थे। इस बैठक में आगामी असम विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा की गई। उन्होंने दावा किया, “बैठक में यह भी मुद्दा उठाया गया कि असम के मुख्यमंत्री राज्य को बेच रहे हैं, माफियागिरी कर रहे हैं और ‘सिंडिकेट’ चला रहे हैं, जिससे असम के लोगों को काफी परेशानी हो रही है।” सिंह के अनुसार, बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी और राहुल गांधी असम का दौरा करेंगे और वहां उनकी रैलियां होंगी। उन्होंने दावा किया कि असम में भाजपा और उसके मुख्यमंत्री घबराए हुए हैं, जबकि कांग्रेस पूरी मजबूती से काम कर रही है और असम के लोगों के लिए लड़ रही है।

“भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकेंगे”

भूपेन बोरा ने कहा, “हमने संकल्प लिया है कि हम सभी एकजुट होकर आगामी चुनावों में असम से भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकेंगे।” उन्होंने दावा किया, “हिमंत बिस्वा सरमा देश के सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री हैं और हमने मुख्यमंत्री के भ्रष्टाचार से जुड़े सभी सबूत शीर्ष नेतृत्व के सामने रख दिए हैं।” बोरा ने कहा, “हम और हमारे सभी नेता लोगों के बीच जाएंगे और भ्रष्टाचार के इन सबूतों को उनके सामने रखेंगे।”

चुनाव से पहले वार-पलटवार शुरू

असम में मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने कथित भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। वहीं सरमा और भाजपा ने हाल ही में कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई की पत्नी पर पाकिस्तान और उसकी खुफिया एजेंसी ‘आईएसआई’ से संबंध होने का आरोप लगाया था। गोगोई ने इस आरोप को ‘हास्यास्पद’ करार देते हुए खारिज कर दिया।

अब केरल के पार्टी नेताओं के साथ बैठक

कांग्रेस नेतृत्व शुक्रवार को केरल के पार्टी नेताओं के साथ बैठक करेगा। केरल के कांग्रेस नेताओं की बैठक इस मायने में महत्वपूर्ण है कि इन दिनों पार्टी सांसद और वरिष्ठ नेता शशि थरूर की नाराजगी की अटकलें लगाई जा रही हैं। तिरुवनंतपुरम से लोकसभा सदस्य थरूर द्वारा एक अखबार में लिखे गए हाल के लेख को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। इस लेख में उन्होंने केरल में निवेश के माहौल को बढ़ावा देने के लिए वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) सरकार की तारीफ की है। इसके लिए वह केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कुछ नेताओं के निशाने पर हैं। केरल में कांग्रेस मुख्य विपक्षी दल है। अगले साल मार्च-अप्रैल में केरल और असम में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं।

RELATED ARTICLES

ADVERTISMENT

Most Popular