Saturday, February 21, 2026
spot_img
Homeमध्यप्रदेशउप मुख्यमंत्री ने रीवा में रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव की तैयारियों का लिया...

उप मुख्यमंत्री ने रीवा में रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव की तैयारियों का लिया जायजा

उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने 23 अक्टूबर को कृष्णा राजकपूर ऑडिटोरियम रीवा में आयोजित हो रहे रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव की तैयारियों का जायजा लिया। साथ ही अधिकारियों के साथ बैठक कर कॉन्क्लेव के लिए की जा रही तैयारियों की समीक्षा की। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव विंध्य को औद्योगिक विकास का नया क्षितिज देगा। विंध्य में विकास की अपार संभावनाएं हैं। यहाँ निवेश करने के लिए कई बड़े उद्योगपतियों ने रूचि दिखाई है। विंध्य में कई सुंदर जल प्रपात, धार्मिक स्थल, टाइगर रिजर्व तथा अन्य प्राकृतिक स्थल हैं। रेल मार्ग, फोरलेन सड़कों तथा रीवा एयरपोर्ट के माध्यम से हवाई सेवा की सुविधा हो जाने से पर्यटन उद्योग में तेजी से विकास होगा। इसके माध्यम से हजारों लोगों को रोजगार का अवसर मिलेगा। इसी तरह कृषि पर आधारित उद्योगों तथा नवकरणीय ऊर्जा में भी निवेश की अच्छी संभावनाएं हैं। रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव के माध्यम से इन संभावनाओं को मूर्त रूप देने का अवसर मिलेगा।

उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विंध्य के औद्योगिक विकास को विशेष महत्व देते हुए रीवा रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव का आयोजन कराया है। इस आयोजन को सफल बनाने के लिए हम सब मिलकर प्रयास करें। उप मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा व्यवस्था, मीडिया की व्यवस्था, उद्योगपतियों के साथ संवाद की व्यवस्था तथा अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में चर्चा की। इस अवसर पर प्रबंध संचालक एमपीआईडीसी श्री चन्द्रमौलि शुक्ला, कमिश्नर श्री बी.एस. जामोद, आईजी श्री एम.एस. सिकरवार, कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल, पुलिस अधीक्षक श्री विवेक सिंह तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

ADVERTISMENT

Most Popular