भोपाल। मध्य प्रदेश में झमाझम बारिश का दौर जारी है। उत्तरी छत्तीसगढ़ पर बने हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात के रविवार को पूर्वी मध्यप्रदेश में पहुंचने के आसार हैं। इसके अलावा मानसून द्रोणिका भी मप्र से होकर गुजर रही है।इसके प्रभाव से रविवार को जबलपुर, शहडोल, रीवा, सागर संभाग के जिलों में कहीं-कहीं अतिवृष्टि होने की संभावना है। इससे कई जिलों में बाढ़ की स्थिति भी बन सकती है। वर्षा होने का सिलसिला अभी एक-दो दिन तक बना रह सकता है।
इन इलाकों में भारी बारिश के आसार
मौसम विभाग ने रायसेन, नर्मदापुरम जिलों में अति भारी बारिश की चेतावनी देते हुए रेड अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा सीहोर, राजगढ़, बुरहानपुर, श्योपुरकलां, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी और पांढुर्णा जिलों में भी गरज-चमक के साथ भारी वर्षा की आशंका जाहिर करते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया।
वहीं भोपाल, विदिशा, बैतूल, हरदा, खंडवा, खरगौन, बड़वानी, आलीराजपुर, धार, इंदौर, रतलाम, उज्जैन, देवास, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर, सतना, जबलपुर, मंडला, बालाघाट, पन्ना, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, मैहर, झाबुआ, शाजापुर, आगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, अनुपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, कटनी, दमोह जिलों के लिए भी येलो अलर्ट जारी किया गया है।
यहां सक्रिय हैं वेदर सिस्टम
मौसम विभाग के मुताबिक मानसून द्रोणिका अब बीकानेर, कोटा, गुना, जबलपुर, पेंड्रा रोड, झारसुगुड़ा, बालासोर से होकर दक्षिण-पूर्व की ओर बंगाल की खाड़ी के उत्तरी भाग तक जाती है और समुद्र तल से 0.9 किमी ऊपर तक फैली हुई है।
उत्तरी छत्तीसगढ़ और उसके आसपास के क्षेत्रों में चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से 7.6 किमी ऊपर तक फैला हुआ है, जो ऊंचाई के साथ दक्षिण की ओर झुका हुआ है। विपरीत हवाओं के सम्मिलन का क्षेत्र (शियर जोन) भारतीय क्षेत्र में लगभग 20°N पर औसत समुद्र तल से 4.5 और 7.6 किमी ऊपर दक्षिण की ओर झुकाव के साथ बना हुआ है। इसके अलावा दक्षिण गुजरात से उत्तरी कर्नाटक तट तक औसत समुद्र तल पर अपतटीय द्रोणिका बनी हुई है।
इन जिलों में हुई अच्छी बारिश
मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक शनिवार को सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक नर्मदापुरम में 100, पचमढ़ी में 99, गुना में 40, सिवनी में 36, छिंदवाड़ा में 31, खरगोन में 27, रायसेन में 23, बैतूल में 19, उज्जैन में 18, इंदौर एवं मंडला में 15, सतना में 14, भोपाल, रतलाम एवं नरसिंहपुर में 13, मलाजखंड में 11, सीधी, खंडवा एवं शिवपुरी में सात, धार में छह, सागर में दो एवं जबलपुर में 0.2 मिलीमीटर बारिश हुई।