भिंड। कांग्रेस के पूर्व नेता प्रतिपक्ष डा. गोविंद सिंह की कोठी की नपाई करने के लिए राजस्व महकमा लहर में उनके आवास पर पहुंच गया है। चूंकि मामला संवेदनशील था, इसलिए मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल भी तैनात किया गया है। यह कार्रवाई स्थानीय लोगों की उस शिकायत पर की जा रही है, जिसमें पूर्व नेता प्रतिपक्ष पर आरोप लगाया गया है कि उन्होंने सरकारी रास्ते पर कब्जा कर लिया है। कोठी भी सरकारी रास्ते पर बनी हुई है।उल्लेखनीय है कि पूर्व नेता प्रतिपक्ष डा. गोविंद सिंह की लहर कस्बे में कोठी है। लगातार कई सालों तक विधायक व कांग्रेस की सरकारों मेंमंत्री भी रहे हैं। लेकिन पिछला विधानसभा चुनाव गोविंद सिंह हार गए थे। अभी हाल ही में स्थानीय लोगों ने प्रशासन से शिकायत की कि गाेविंद सिंह की जो कोठी बनी है उसे बनाने के दौरान सरकारी रास्ते पर भी अतिक्रमण किया गया है। कोठी का हिस्सा भी सरकारी रास्ते पर बना हुआ है। इसे देखते हुए प्रशासन की टीम गोविंद सिंह की कोठी पर पहुंच गई है और नपाई शुरू कर दी है। लेकिन अभी तक नापजोख का कोई परिणाम सामने नहीं आया है।




