Saturday, May 9, 2026
spot_img
Homeइंदौरयुगपुरुष धाम आश्रम में बच्चों के बीमार होने का नहीं थम रहा...

युगपुरुष धाम आश्रम में बच्चों के बीमार होने का नहीं थम रहा सि‍लसिला, 7 और को अस्पताल में भर्ती करवाया

 इंदौर। पंचकुइया स्थित अनाथ आश्रम युगपुरुष धाम बौद्धिक विकास केंद्र में मानसिक दिव्यांग बच्चों के बीमार होने का सिलसिला जारी है। शुक्रवार को भी सात बच्चों को उल्टी-दस्त की शिकायत के बाद चाचा नेहरू बाल चिकित्सालय में भर्ती किया गया है। अब तक आश्रम से 81 बच्चों को अस्पताल में भर्ती किया जा चुका है।इनमें से गुरुवार को 12 और शुक्रवार 21 बच्चों की छुट्टी कर दी गई है। स्वस्थ हुए बच्चों को सामाजिक न्याय विभाग और अन्य संस्थाओं के आश्रम भेजा जा रहा है। अफसरों के अनुसार शनिवार को आश्रम को खाली करवाकर पूरी तरह सफाई की जाएगी। इसके बाद बच्चे पुन: शिफ्ट किए जाएंगे।

आज आश्रम से बच्चों को करेंगे शिफ्ट

 

 

महिला व बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी रामनिवास बुधोलिया ने बताया कि बच्चों के स्वास्थ्य में तेजी से सुधार आ रहा है। अस्पताल से ठीक हुए बच्चों को सामाजिक न्याय विभाग के मूक बधिर आश्रम और अन्य दिव्यांग बच्चों की अन्य संस्था में शिफ्ट कर रहे हैं। शनिवार को आश्रम के अन्य बच्चों को भी शिफ्ट कर दिया जाएगा।

15 में बच्चों में हैजा की पुष्टि

 

 

 

चाचा नेहरू बाल चिकित्सालय की अधीक्षक डा. प्रीति मालपानी ने बताया कि आश्रम से आए बच्चों की सेहत में सुधार हो रहा है। शुक्रवार को भी कुछ बच्चे उल्टी-दस्त की शिकायत के बाद भर्ती हुए हैं। करीब 15 बच्चों में हैजा की पुष्टि हुई है। तीन गंभीर हैं।

 

कांग्रेस का आरोप- कब्रिस्तान में भी दफनाए कुछ बच्चे

 

 

 

युगपुरुष आश्रम में छह बच्चों की मौत सरकारी रिकॉर्ड पर हो चुकी है। जबकि कांग्रेस ने सनसनीखेज आरोप लगाते हुए मौतों का आंकड़ा इससे दोगुना होने की आशंका जताई है। कांग्रेस महासचिव राकेशसिंह यादव ने लिखित शिकायत करते हुए कहा है कि न केवल पंचकुइया मुक्तिधाम बल्कि पास के कब्रिस्तान में भी बीते कुछ सप्ताह में अनाथ आश्रम के बच्चों को दफनाया जा चुका है।

श्मशान और कब्रिस्तान के रिकॉर्ड रजिस्टर के गायब होने के साथ कांग्रेस नेताओं ने वहां के कर्मचारियों के नाम भी जारी कर दिए हैं। कांग्रेस महासचिव ने शिकायत की है कि पंचकुइया श्मशान घाट में छह बच्चों की जगह आठ बच्चों की कब्र खुदवाकर संचालिका अनीता शर्मा ने दफनाया है।

 

रिकॉर्ड में बच्चों को अज्ञात बताने का आरोप

 

 

 

यादव ने कहा कि पंचकुइया श्मशान में कब्र खोदने वाले गुलाब नामक व्यक्ति ने खुद कहा है कि छह बच्चों के पहले भी वो एक-दो बच्चों के लिए कब्र खुदवा चुका था। रिकॉर्ड में उन्हें अज्ञात दर्शाया गया था। वहीं पंचकुइया श्मशान घाट के पास में लगे हुए कब्रिस्तान में चार बच्चों को चोरी-छुपे दफनाया जा चुका है।

 

कांग्रेस ने बनाई जांच कमेटी

 

 

 

इस कब्रिस्तान के चौकीदार इस्माइल की भूमिका भी इस पूरे मामले में संदिग्ध है। इस मामले में प्रदेश कांग्रेस अपने स्तर पर एक जांच कमेटी बना चुकी है। विधायक डा. हीरा अलावा के साथ पूर्व विधायक रवि जोशी, डा.आदित्य पंडित और शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीतसिंह चड्ढा को कमेटी में रखा गया है।

 

फिजिकल एकेडमी : 40 विद्यार्थियों की छुट्टी

 

 

 

फिजिकल एकेडमी के 70 विद्यार्थियों को उल्टी-दस्त की शिकायत के बाद एमवाय अस्पताल में भर्ती किया गया था। अधिकांश विद्यार्थियों में हैजा के लक्षण मिले हैं। शुक्रवार को इनमें से 15 छात्राएं और 25 छात्रों की छुट्टी कर दी गई है, वहीं 10 नए विद्यार्थियों को भर्ती किया है। अस्पताल अधीक्षक डा. अशोक यादव ने बताया सभी विद्यार्थियों की हालत में सुधार है।

RELATED ARTICLES

ADVERTISMENT

Most Popular