Saturday, May 9, 2026
spot_img
Homeजनसम्पर्क समाचारजैसे माँ बिना स्वार्थ के हमारी सेवा करती है, वैसे ही पेड़...

जैसे माँ बिना स्वार्थ के हमारी सेवा करती है, वैसे ही पेड़ भी हमें प्राणवायु प्रदान करते हैं – मंत्री श्री सिंह

वृक्ष हैं तो जल है, और जल है तो जीवन है – मंत्री श्री पटेल “आदमपुर छावनी में एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत वृहद पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित

लोक निर्माण विभाग मंत्री श्री राकेश सिंह एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल ने आज ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत आदमपुर छावनी में वृहद् वृक्षारोपण कार्यक्रम में पौधारोपण किया। इस दौरान विधायक हुजुर श्री रामेश्वर शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह ने कहा, “पेड़ों का महत्व हमारे जीवन में अत्यधिक है। वृक्षारोपण आज की आवश्यकता है। ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।” उन्होंने आगे कहा कि इस अभियान को देश एवं मध्यप्रदेश की जनता ने पूरे उत्साह के साथ अपनाया है और यह अभियान लगातार वृक्षारोपण कर एक नई हरित क्रान्ति का रूप ले रहा है। मंत्री श्री सिंह ने अपने संबोधन में वृक्षों की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा “जैसे माँ बिना स्वार्थ के हमारी सेवा करती है, वैसे ही पेड़ भी हमें प्राणवायु प्रदान करते हैं। सभी को अधिक से अधिक वृक्षारोपण करते रहना चाहिए।”

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल ने एक महत्वपूर्ण संदेश दिया। उन्होंने कहा कि आज का दिन आने वाली पीढ़ी के लिए संकल्प लेने का है। श्री पटेल ने विशेष रूप से वृक्षारोपण पर जोर दिया और कहा, “वृक्ष हैं तो जल है, और जल है तो जीवन है।”

मंत्री ने अपने संबोधन में सभी नागरिकों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण न केवल पर्यावरण को सुरक्षित रखने में मदद करेगा, बल्कि जल संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उनके अनुसार, यदि हम आज अधिक वृक्ष लगाएंगे, तो आने वाली पीढ़ी के लिए स्वच्छ जल और स्वस्थ पर्यावरण सुनिश्चित कर सकेंगे।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने भी वृक्षारोपण में भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अपने योगदान का संकल्प लिया। “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत लगाए गए पौधे आने वाले समय में हरित मध्यप्रदेश की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होंगे।

RELATED ARTICLES

ADVERTISMENT

Most Popular