आब्जर्वर श्री प्रदीप ठाकुर की उपस्थिति में सेक्टर अधिकारियों का प्रशिक्षण दो सत्र में
बैतूल(प्रतीक पवार) 15 अप्रैल 2024
सेक्टर ऑफिसर्स अपने-अपने सेक्टर के सभी मतदान दलों का सामग्री प्राप्ति स्थल से मतदान केन्द्र तक और मतदान कार्यवाही के बाद सामग्री संग्रहण केन्द्र तक अनिवार्यत: निर्धारित शासकीय वाहन में ही परिवहन करें। यह निर्देश आब्जर्वर श्री प्रदीप ठाकुर ने प्रशिक्षण सत्र में सेक्टर अधिकारियों को दिए। उन्होंने सेक्टर ऑफिसर को उनके दायित्व, आदर्श आचरण संहिता का पालन, सेक्टर के रूट, मतदान केन्द्रों में एएमएफ की पर्याप्तता के निर्देश दिए। लोकसभा निर्वाचन 2024 के प्रशिक्षण कार्यक्रम के अनुक्रम में सोमवार को दो पालियों में 5 विधानसभा क्षेत्रों के सेक्टर अधिकारियों को निर्वाचन संबंधी प्रशिक्षण दिया गया। इस अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी श्री नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अक्षत जैन एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री मकसूद अहमद, विधानसभा क्षेत्र के सभी एसडीएम भी उपस्थित थे। मुख्य ट्रेनर श्री विजयंत ठाकुर द्वारा निर्वाचन कार्यों से संबंधित दायित्वों का बिन्दुवार विवरण पर प्रशिक्षण दिया गया।
दो पालियों में इस प्रशिक्षण के प्रथम सत्र में मुलताई, आमला और बैतूल विधानसभा क्षेत्र के सेक्टर अधिकारियों ने भाग लिया। द्वितीय सत्र में दोपहर 2.30 बजे से 5.00 बजे तक घोड़ाडोंगरी और भैंसदेही विधानसभा क्षेत्र के सभी अधिकारी और प्रशिक्षणार्थी उपस्थित थे। इस दौरान निर्वाचन कार्य में आने वाली कठिनाइयों के संबंध में विस्तृत चर्चा कर उनका निराकरण किस प्रकार करना है इस संबंध में सभी सेक्टर अधिकारियों को प्रशिक्षण में अवगत कराया गया। सेक्टर अधिकारियों को प्रशिक्षण के साथ ही मतदान हेतु अवसर प्रपत्र भी उपलब्ध कराए गए।
मॉक पोल के दायित्व
मतदान केन्द्र पर सुविधा एवं मॉक पोल के संबंध में भी पूर्व प्रक्रिया से अवगत कराया गया। मॉक पोल के बारे में मॉक पोल कर डेटा निरस्त कर निर्वाचन के लिए मशीन तैयार करने हेतु अवगत कराया गया। पीठासीन अधिकारियों के कार्य में सहयोग करने के निर्देश दिए। 85 वर्ष से अधिक उम्र के मतदाताओं के संबंध में भी विस्तृत प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
निर्वाचन कार्य के पूर्व मतदान दिवस के दिन एवं मतदान के पश्चात जमा किए जाने वाले विभिन्न प्रपत्रों में विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण में पीपीटी के माध्यम से भी बारिकियों पर चर्चा कर सेक्टर अधिकारियों के प्रश्नों का सटीक निराकरण भी किया गया।




