भाजपा ने कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह की निर्वाचन आयोग में की शिकायत
भोपाल, 09/04/2024। भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को निर्वाचन आयोग पहुंचकर कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह द्वारा आयोजित ’वादा निभाओ यात्रा’ में अश्लीलता परोसने को लेकर शिकायत की है। भारतीय जनता पार्टी ने निर्वाचन आयोग कार्यालय पहुंचकर मध्यप्रदेश के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को सौंपी शिकायत में कहा कि राजगढ़ लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी दिग्विजय सिंह द्वारा इन दिनों अपने लोकसभा क्षेत्र में ’वादा निभाओ यात्रा’ का आयोजन कर रहे हैं। गुना जिले के चाचौड़ा विधानसभा क्षेत्र के सिंगापुर गांव में ’वादा निभाओ यात्रा’ के दौरान मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए अश्लील नृत्य का आयोजन किया जा रहा है।
कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं राजगढ़ लोकसभा क्षेत्र के कांग्रेस प्रत्याशी दिग्विजय सिंह इस प्रकार का आयोजन कांग्रेस पार्टी की महिलाओं के प्रति दुर्भावना को दर्शाता है। मतदाताओं को आकर्षित करने के लिए यह प्रयास बेहद शर्मनाक और ओछी मानसिकता का प्रतीक है। ’वादा निभाओ यात्रा’ में इस तरह के अश्लील कार्यक्रम के कारण आचार संहिता का उल्लंघन हुआ है। आचार संहिता का उल्लंघन होने के कारण दिग्वजिय सिंह को इस प्रकार के अश्लील प्रचार करने पर तत्काल रोक लगाई जाए, जिससे समाज में नैतिकता बनी रहे। निर्वाचन आयोग में भाजपा चुनाव समन्वय विभाग के प्रदेश संयोजक श्री एसएस उप्पल, न्यायिक एवं निर्वाचन विभाग के प्रभारी श्री मनोज द्विवेदी एवं न्यायिक एवं निर्वाचन विभाग के सह प्रभारी श्री अशोक विश्वकर्मा ने शिकायत की है।




