Saturday, May 9, 2026
spot_img
Homeजनसम्पर्क समाचारएफ. पी.एल.एम.आई.एस. सॉफ्टवेयर पर आयोजित हुआ प्रशिक्षण

एफ. पी.एल.एम.आई.एस. सॉफ्टवेयर पर आयोजित हुआ प्रशिक्षण

परिवार कल्याण कार्यक्रम अंतर्गत एफ. पी.एल.एम.आई.एस. सॉफ्टवेयर समीक्षा एवं रिफ्रेशमेंट प्रशिक्षण डॉ. कैलाशनाथ काटजू महिला चिकित्सालय में गुरुवार को आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल, गैस राहत हॉस्पिटल, सिविल अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सिविल डिस्पेंसरी के कर्मचारियों को एफपीएलएमआईएस सॉफ्टवेयर के माध्यम से परिवार कल्याण के साधनों को इंडेंट करने एवं रखरखाव के बारे में प्रशिक्षण दिया गया।

प्रशिक्षण में परिवार नियोजन साधनों की उपलब्धता, इंडेंट, वितरण, स्टॉक आउट एवं इश्यू, अपडेशन की समीक्षा की गई। इस दौरान पोर्टल पर ऑनलाइन हैंड्स ऑन प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण को संबोधित करते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी भोपाल डॉ. प्रभाकर तिवारी ने कहा कि प्रत्येक लक्ष्य दंपत्ति को परिवार कल्याण के स्थाई एवं अस्थाई साधनों को अपनाने के लिए प्रेरित किया जाए। भारत सरकार द्वारा परिवार कल्याण के विभिन्न अस्थायी साधनों की ऑनलाइन आपूर्ति एवं प्रबंधन के लिए फैमिली प्लैनिंग लॉजिस्टिक मैनेजमेंट इनफार्मेशन सिस्टम लागू किया गया है। जिसके माध्यम से कंडोम,अंतरा इंजेक्शन, छाया गोलियां, इमरजेंसी कॉन्ट्रासेप्टिव पिल्स, ओरल पिल्स, प्रेगनेंसी टेस्ट किट की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। जिला स्तर से प्रत्येक तीन माह में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और उप स्वास्थ्य केंद्रों को परिवार कल्याण के अस्थाई साधनों की आपूर्ति की जा रही है। इन संस्थाओं से आशा कार्यकर्ता द्वारा प्रत्येक प्रत्येक माह परिवार कल्याण साधनों को इंडेंट करवाकर अपने क्षेत्र के लक्ष्य दंपतियों तक पहुंच सुनिश्चित करवाई जा रही है।

परिवार कल्याण साधनों के निरंतर और निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए यह सॉफ्टवेयर बेहद उपयोगी है। दंपत्तियों को बास्केट ऑफ चॉइस देने के उद्देश्य से विभिन्न स्थाई एवं अस्थाई साधन उपलब्ध करवाए जाते हैं, जिससे की दंपति अपनी सुविधा अनुसार किसी भी साधन को अपना सके। आशा कार्यकर्ता अपने गांव क्षेत्र की परिवार कल्याण संबंधी आवश्यकताओं का आंकलन कर इस सॉफ्टवेयर के माध्यम से स्वयं इन सामग्रियों की मांग कर सकती है। सामग्री की आपूर्ति नजदीकी स्वास्थ्य संस्था के माध्यम से आशा कार्यकर्ता को की जाती है। प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण अधिकारी डॉ. मनोज हुरमाड़े, परिवार कल्याण कार्यक्रम की राज्य सलाहकार डॉ. पूनम मिश्रा, आईपास संस्था से डॉ.पंकज मिश्रा एवं मनीष विश्वकर्मा, पाथ संस्था से डॉ. सिद्धार्थ बनर्जी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

ADVERTISMENT

Most Popular