जोबट (आलीराजपुर)। पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कांतिलाल भूरिया के बिगड़े बोल सामने आए हैं। उन्होंने कांग्रेस छोड़ भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने वाले नेताओं को कचरा बता दिया। भूरिया बोले, जो फर्जी थे वो सब चले गए हैं। अब असली कांग्रेसी नेता मैदान में है।पूर्व केंद्रीय मंत्री भूरिया गुरुवार को जिले के जोबट में भगोरिया हाट में शिरकत करने आए थे। मीडिया से चर्चा में उन्होंने कांग्रेस छोड़ने वाले नेताओं पर हमला बोला। पिछले दो दिनों से रतलाम-झाबुआ लोकसभा सीट पर कांग्रेस से कांतिलाल भूरिया का टिकट फाइनल होने के इंटरनेट मीडिया पोस्ट पर उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं है।आज दिल्ली में बैठक चल रही है और शाम तक नामों की घोषणा हो जाएगी। एक सवाल के जवाब में भूरिया ने कहा कि भाजपा प्रत्याशी मेरे लिए कोई चुनौती नहीं हैं। जनता कांग्रेस को चाहती है और कांग्रेस को आशीर्वाद जरूर मिलेगा।




