Wednesday, February 25, 2026
spot_img
Homeबैतूलप्रधानमंत्री श्री मोदी ने सिंगल क्लिक के माध्यम से वंचित वर्ग के...

प्रधानमंत्री श्री मोदी ने सिंगल क्लिक के माध्यम से वंचित वर्ग के एक लाख लोगों के खाते में 720 करोड़ रुपए की राशि की अंतरित

विगत 10 वर्षों से सरकार नागरिकों के जीवन में सकारात्मक
परिवर्तन के लिए काम कर रही है
पीएम सूरज राष्ट्रीय पोर्टल पर ऑनलाइन ऋण की सुविधा
कलेक्ट्रेट सभागार में लगभग 150 से ज्यादा वंचित वर्ग के प्रतिनिधि हुए शामिल

बैतूल, 13 मार्च 2024
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने वर्चुअली समाज के वंचित वर्ग के एक लाख लोगों के खाते में 720 करोड़ रुपए की राशि एक क्लिक से सीधे उनके खाते में जमा की। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने सफाई कर्मियों और वंचित वर्ग के लोगों को ऑनलाइन ऋण प्राप्त करने के लिए पीएम राष्ट्रीय सूरज पोर्टल लांच की। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने वर्चुअली संबोधित करते हुए कहा कि इस पोर्टल पर आवेदक ऋण प्राप्त करने के लिए सीधे ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे एवं आवेदक को लोन की राशि सीधे उनके खाते में ऑनलाइन जमा कराई जाएगी। इसमें ना कोई बीच वाला और ना कोई बिचौलिया शामिल होगा। इस अवसर पर बैतूल जिले के वंचित वर्ग के लगभग 150 प्रतिनिधि कलेक्ट्रेट सभागार में वर्चुअली चल रहे इस कार्यक्रम में शामिल हुए।
हैलो नरेन्द्र, नरेन्द्र आपसे पूछता है..
प्रधानमंत्री ने शासन की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों से वर्चुअली चर्चा की। श्री मोदी ने इंदौर के  श्री नरेन्द्र सेन से चर्चा की। उन्होंने श्री सेन से कहा कि हेलो नरेन्द्र, नरेन्द्र आपसे आपकी सफलता के बारे में बताएं। श्री सेन ने बताया कि पिछड़ा वर्ग कल्याण के लिए चलाई जा रही वेंचर केपिटल फंड योजना के अंतर्गत उन्होंने साढ़े तीन करोड़ का ऋण प्राप्त किया था। वर्ष 2021 में स्वीकृत हुई लोन की राशि से डाटा सेन्टर और क्लाउड सर्विसेज के  लिए काम प्रारंभ किया था। इस काम की प्रेरणा का श्रेय श्री नरेन्द्र ने प्रधानमंत्री श्री मोदी को दिया।
इसी तरह जम्मू की सुश्री नीलम कुमारी ने बताया कि उन्होंने अनुसूचित जाति वर्ग के कल्याण के लिए चलाई गई एनएसएफडीसी लघु व्यवसाय योजना के अंतर्गत वर्ष 2021 में 1 लाख 42 हजार रूपए की राशि ऋण के रूप में प्राप्त की थी। इस राशि से उन्होंने टेलरिंग का काम शुरू किया। जहां वो पहले किसी अन्य दुकान पर प्रतिमाह 2 से 3 हजार रूपए कमाया करती थी। वहीं इस राशि से उन्होंने स्वयं का व्यवसाय प्रारंभ किया और इससे उनके अंदर आत्मविश्वास जागृत हुआ। उन्होंने बताया कि इसके अलावा शासन की अन्य योजनाओं के तहत प्रधानमंत्री उज्जवला योजना, आयुष्मान भारत कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना के साथ ही स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत शौचालय निर्माण का लाभ भी प्राप्त किया।
आंध्र प्रदेश के कुंटुर की आडिपुडी मुथम्मा ने कहा कि सफाई कर्मचारी के रूप में उन्होंने अपना सारा जीवन गुजारा है। स्वच्छता उद्यमी योजना के अंतर्गत उन्होंने लगभग 17 लाख रूपए ऋण के रूप में प्राप्त किए। प्रधानमंत्री को धन्यवाद देते हुए उन्होंने अपनी दुभाषिया पी नागा लक्ष्मी के माध्यम से कहा कि इस लोन से उन्होंने सम्मान का जीवन अपने परिवार को दे सकी। इसके अलावा उन्होंने प्रधानमंत्री जन धन योजना के साथ ही उनके नाम राशन कार्ड भी जारी किया गया। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने अहमद नगर के श्री नरेश साहेबराव से उनकी सफलता की कहानी के बारे में पूछा। श्री साहेबराव ने बताया कि उन्होंने अंबेडकर सोशल इनोवेशन एंड इन्कमेशन मिशन (एएसआईआईएम) योजना के तहत वर्ष 2021 में 29 लाख रूपए का ऋण प्राप्त किया था। कृषि उपकरणों के निर्माण के क्षेत्र में उन्होंने कार्य किया। इसके अलावा शासन की अन्य योजनाएं आयुष्मान कार्ड एवं राशन कार्ड का लाभ भी उन्हें और उनके परिवार को प्राप्त हुआ।
सफाई कर्मियों को नि:शुल्क 5 लाख तक की चिकित्सा सुविधा
प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि सेप्टिक टैंक एवं सीवर में काम करने वाले हमारे वंचित साथियों के लिए पीपीई किट एवं आयुष्मान हेल्थ कार्ड का वितरण किया। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मियों के लिए 5 लाख रुपए तक की नि:शुल्क चिकित्सा सुविधा प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि ये योजनाएं उन योजनाओं का हिस्सा है जो पिछले 10 वर्षों में सरकार द्वारा पिछड़े वर्ग के कल्याण एवं उत्थान के लिए चलाई जा रही है। इन योजनाओं ने लोगों के जीवन की दशा और दिशा बदली है।
मैं आपके परिवार का और आप मेरा परिवार है…
प्रधानमंत्री श्री मोदी ने वंचित वर्ग के प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि लोग मुझसे कहते है कि मेरा कोई परिवार नहीं है। मैं कहता हूं कि जिसके आप जैसे लोग भाई, बहन हो उसे कोई कैसे कह सकता है कि उसका कोई परिवार नहीं है। मुझे गर्व होता है जब आप कहते है कि हम मोदी के परिवार से है। उन्होंने कहा कि वंचित वर्ग के कल्याण के बिना भारत विकसित राष्ट्र नहीं हो सकता। मैं उस मानसिकता को समाप्त कर दूंगा, जिससे वंचित वर्ग दूषित है। जो सुविधाएं उच्च वर्ग के परिवार को होंगी, चाहे वह गैस का सिलेंडर हो या फिर बैंक में खाता जैसी सारी सुविधाएं वंचित परिवार को भी उपलब्ध कराई जाएगी।

RELATED ARTICLES

ADVERTISMENT

Most Popular