मुलताई। नगर के पवित्र ताप्ती सरोवर के आसपास कुछ लोगों द्वारा दुकान लगाकर अतिक्रमण कर
लिया गया था। जिससे कि सरोवर के परिक्रमा मार्ग से गुजरने वाले भक्तों को परेशानी का सामना करना
पड़ता था। परिक्रमा मार्ग पहले से भी सकरा है और अतिक्रमण के कारण और भी ज्यादा सकरा होने से
लगातार परेशानी बढ़ रही थी। बार-बार श्रद्धालुओं द्वारा इस संबंध में नगर पालिका एवं तहसील
कार्यालय में शिकायत की जा रही थी। जिस पर सुनवाई करते हुए बुधवार नगर पालिका और राजस्व की
टीम ने ताप्ती सरोवर परिक्रमा मार्ग का निरीक्षण किया। मार्ग पर लगी मिली दुकानों को हटाने की
हिदायत दी गई। वहीं परिक्रमा मार्ग पर बंद पड़ी दुकानों को नगर पालिका कर्मचारियों द्वारा जप्त कर
नगर पालिका पहुंचा दिया गया। अचानक से नगर पालिका और राजस्व विभाग द्वारा परिक्रमा मार्ग पर
अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही से हड़कंप मच गया था।




