भोपाल । यदि किसी उपभोक्ता के द्वारा तीन किलोवाट या उससे अधिक का सोलर प्लांट लिया जाता है तो उसको 78 हजार रुपये तक की सब्सिडी मिलेगी। दरअसल मध्यक्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा भारत सरकार की पीएम सूर्य घर योजना से अपने 16 जिलों के उपभोक्ताओं को जोड़ा जा रहा है। इनमें भोपाल, नर्मदापुरम, ग्वालियर एवं चंबल संभाग सहित अन्य जिलों के बिजली उपभोक्ताओं को शामिल किया गया है। इस नई योजना में अब एक किलोवाट पर 30 हजार, दो किलोवाट पर 60 हजार एवं तीन या उससे अधिक के सोलर प्लांट पर 78 हजार रुपये तक की सब्सिडी मिलेगी।
केंद्र सरकार द्वारा देश के एक करोड़ घरों को मुफ्त बिजली उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पीएम सूर्य घर योजना प्रारंभ की गई है। लोगों को इस योजना का लाभ मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने देना शुरू कर दिया है। इस योजना के अंतर्गत एक किलोवाट सोलर संयत्र लगाने पर 30 हजार रुपये, दो किलोवाट सोलर संयत्र लगाने पर 60 हजार रुपये तथा तीन किलोवाट या उससे ऊपर के सोलर संयत्र स्थापना पर 78 हजार रुपये की सब्सिडी केंद्र सरकार द्वारा दी जा रही है। यह सब्सिडी पहले से ज्यादा है।इसके लिए देशभर के एक करोड़ उपभोक्ताओं को पीएम सूर्य घर योजना से जोड़ने का लक्ष्य केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित किया गया है।
पहले से बढ़ा दी गई है सब्सिडी
गौरतलब है कि दिसंबर 2023 की स्थिति में केंद्र सरकार द्वारा प्रति किलोवाट 14 हजार 588 रुपये की सब्सिडी दी जा रही थी ।जो कि जनवरी-2024 में बढ़ाकर 18 हजार रुपये प्रति किलोवाट कर दी गई थी।जिसे अब और बढ़ाकर दो किलोवाट तक 30 हजार रुपये प्रति किलोवाट कर दी गई है। इस तरह दिसंबर की तुलना में दिनांक 13 फरवरी 2024 के बाद लगने वाले दो किलोवाट तक के सौर्य संयत्र पर मिलने वाली सब्सिडी 36 हजार रुपये के स्थान पर अब उपभोक्ता को 60 हजार रुपये की सब्सिडी मिलेगी। पीएम सूर्य घर योजना का उद्देश्य उपभोक्ताओं को मुफ्त बिजली की सुलभता के साथ आर्थिक बचत करवाना शामिल है। मिलने वाली सरकारी सब्सिडी का लाभ देकर लोगों को प्रोत्साहित करना है। पीएम सूर्य घर योजना से जुड़ने पर पर्यावरण के हितों की रक्षा हो सकेगी। योजना में अधिक से अधिक लोग जुड़कर लाभ ले सकते हैं।




