ग्वालियर । इंडियन एसोसिएशन आफ टूर आपरेटर्स (आइएटीओ) का 60 सदस्यीय दल शनिवार को जिला प्रशासन, स्मार्ट सिटी कार्पोरेशन और पर्यटन विभाग द्वारा आयोजित फेम ट्रिप में शहर की धरोहरों से रुबरु हुआ। तीन दिवसीय फेम ट्रिप के अंतर्गत पहले दिन ग्वालियर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहरों की विजिट की। इन्हें देखकर दल के सदस्य विस्मित नजर आए और सराहना करते हुए कहा कि ग्वालियर के पास अतुल्य ऐतिहासिक विरासत है।शहर में देशी-विदेशी पर्यटकों की संख्या बढ़ाने और स्थानीय पर्यटन स्थलों का अधिक से अधिक प्रचार करने के लिए फेम ट्रिप के माध्यम से देश के अलग-अलग हिस्सों से टूर आपरेटर और टूरिस्ट गाइड का लगभग 60 सदस्यीय दल ग्वालियर बुलाया गया है। शनिवार को अपने तीन दिवसीय प्रवास के तहत यह दल ग्वालियर पहुंचा। इस दल ने सबसे पहले ग्वालियर किला पहुंचकर वहां स्थित ऐतिहासिक धरोहरों को देखा और उनकी सराहना की। ग्वालियर किला और अन्य ऐतिहासिक इमारतो के बारे में सभी को विस्तार से जानकारी दी गई। इसके बाद इस दल ने जयविलास पैलेस, मोहम्मद गौस का मकबरा, गूजरी महल सहित शहर के अन्य ऐतिहासिक धरोहरों को देखा। इस दल मे शामिल पल्लवी शर्मा औऱ तान्या ने अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि ग्वालियर के पास अतुल्य विरासत है और इस विरासत को काफी समय से देखने का उनका मन था। आज इस फेम ट्रिप के माध्यम से वह ग्वालियर और इसकी ऐतिहासिक विरासत को नजदीक से देख पा रही है। उन्होंने पर्यटन के क्षेत्र में किए जा रहे इन प्रयासो के लिए जिला प्रशासन, ग्वालियर स्मार्ट सिटी व पर्यटन विभाग का शुक्रिया भी अदा किया। रविवार को यह दल महाराज बाड़ा और इसके आसपास के ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण करेगा। वहीं सुबह के समय तिघरा में बर्ड वाचिंग करने के लिए भी दल के सदस्य जाएंगे।




