Monday, May 11, 2026
spot_img
Homeराष्ट्रीयखून से लथपथ 5000 म्यांमारी भारत की सीमा में घुसे

खून से लथपथ 5000 म्यांमारी भारत की सीमा में घुसे

आईजोल । बड़ी संख्या में म्यांमार के निवासियों ने भारत में प्रवेश किया है। इसमें 39 म्यांमार के सैनिक भी हैं। यह लोग अपने देश में जारी बमबारी के बीच जान बचाने के लिए भारत पहुंचे हैं। भारत की सीमा से सटे म्यांमारी गांव में म्यामांर की सेना और विद्रोहियों के बीच जमकर गोलीबारी हुई है। मिजोरम पुलिस के अधिकारियों के मुताबिक पीपुल डिफेंस फोर्स, चीनलैंड डिफेंस फोर्स और चिन नेशनल आर्मी नाम के विद्रोही संगठनों ने रिखिद्वार और खावमावी स्थित म्यांमार आर्मी पोस्ट्स पर गोलियां बरसाईं।
इसके बाद गोलीबारी का सिलसिला शुरू हुआ जो पूरी रात चलता रहा। नतीजा यह हुआ कि इन गांवों में रहने वाले म्यांमारी नागरिक अपनी जान बचाने के लिए तियाऊ नदी पारकर भारत में आ गए। रिपोर्ट के मुताबिक विद्रोही गुटों ने म्यांमार सेना की चौकियों पर कब्जा जमा लिया है और वहां से सैनिकों को भागने पर मजबूर कर दिया है। सोमवार सुबह म्यांमार आर्मी ने यहां पर बमबारी शुरू कर दी, जिसके बाद लोग सुरक्षा के लिए भारत में शरण लेने को मजबूर हो गए। मिजोरम पुलिस के आईजी ने बताया कि पड़ोसी देश से 39 आर्मी जवान और 5000 म्यांमार नागरिक भारत में आए हैं। उन्होंने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देशानुसार इन सभी लोगों को सीमा पर तैनात असम राइफल्स के जवानों को सौंप दिया गया है।
ऐसी खबरें हैं कि 39 म्यांमार सैनिकों को भारतीय वायुसेना के विमान से उनके देश वापस भेज दिया गया। खियांग्ते ने बताया कि 5000 लोगों में से 21 लोग घायल थे। इनमें से आठ को गंभीर चोटें लगी थीं, जिन्हें इलाज के लिए आइजोल भेजा गया। इसके अलावा अन्य को चंपाई के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

RELATED ARTICLES

ADVERTISMENT

Most Popular