भोपाल Bhopal Crime News। शहर के बैरागढ़ उपनगर में लोन दिलाने का झांसा देकर एक जालसाज 13 लोगों से 41 हजार 600 रुपये की ठगी कर दी और इसके बाद फरार हो गया। आरोपित ने ग्रामीणों को बैंक से आसानी से लोन दिलाने का झांसा दिया और उनसे रकम ऐंठ ली। आरोपित बैंक में लगे सीसीटीवी में कैद हुआ है।
समूह लोन दिलाने का दिया था झांसा
पुलिस के मुताबिक ग्राम चिकरिया थाना परवलिया निवासी रवि मीना (25) किसान है। उसने अपनी शिकायत में बताया कि कुछ दिन पहले राजकुमार नामक एक व्यक्ति गांव में आया था और उसने ग्रामीणों को 60-60 हजार रुपये का समूह लोन दिलाने का झांसा दिया। उसने रवि मीना समेत गांव के 13 लोगों को समूह लोन लेने के लिए तैयार किया।
जालसाज ने बैंक शाखा के भीतर ऐंठी रकम
आरोपित जालसाज ने विगत सोमवार की दोपहर करीब पौने एक बजे मोबाइल से फोन कर सभी लोगों को बैरागढ़ के चंचल चौराहे पर बुला लिया। जहां से वह उन्हें सेंट्रल बैंक की स्थानीय शाखा में लेकर गया। यहां उसने ग्रामीणों से उनके आधार कार्ड व वोटर आइडी समेत अन्य दस्तावेज ले लिए। लोन दिलाने की एवज में प्रति व्यक्ति 32-32 सौ रुपये लिए और थोड़ी देर में लौटकर आने का बहाना कर बैंक से बाहर चला गया। जब शाम तक राजकुमार नहीं लौटा तो ग्रामीणों ने बैंक वालों से बात की। तब जाकर उन्हें धोखाधड़ी का पता चला। इसके बाद उन्होंने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस सीसीटीवी में कैद हुलिए के आधार पर आरोपित की सरगर्मी से तलाश कर रही है।