भोपाल । बरकतुल्ला विश्वविद्यालय (बीयू) की बीबीए फाइनेंशियल मार्केट एंड फाइनेंशियल सर्विस परीक्षा के पेपर आउट मामले की गोविंदपुरा पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने दो छात्राओं समेत चार परीक्षार्थियों पर धोखाधड़ी और मध्य प्रदेश परीक्षा अधिनियम की धाराओं के तहत एफआइआर दर्ज कर ली है।
गोविंदपुरा थाना प्रभारी लोकेद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि करियर कालेज के सहायक प्राध्यापक एसएस राजपूत की ओर से एक शिकायती आवेदन आया था, इसमें बताया था कि करियर कालेज में 20 जुलाई को सुबह 11 बजे बीबीए फाइनेंशियल मार्केट एंड फाइनेंशियल सर्विस की परीक्षा थी। परीक्षा शुरू होने के बाद भी दो छात्र और दो छात्राएं परीक्षा कक्ष में बैठने को तैयार नहीं थे। वह बाहर ही लंबे समय तक मोबाइल चला रहे थे। जब शिक्षकों ने उनको परीक्षा देने के लिए बुलाया तो वह अंदर नहीं आए। बाद में उन पर संदेह होने पर उनके मोबाइल फोन चेक किए गए तो उनमें होने वाली बीबीए फाइनेंशियल मार्केट एंड फाइनेंशियल सर्विस का पेपर था। इस पर पेपर आउट की संदेह जताया गया
पेपर कहां से आया, जांच शुरु
एसीपी गोविंदपुरा आदित्य तिवारी ने बताया कि अभी चारों परीक्षार्थियों पर धोखाधड़ी की धाराओं में एफआइआर दर्ज कर ली है। मामला पेपर आउट का लग रहा है। इसके लिए आरोपित छात्र-छात्राओं के मोबाइल फोन जब्त कर मामले में जांच कर यह पता लगाया जा रहा है कि उनके पास फोन पर पेपर कहा से और कैसे आया। उसमें भुगतान भी किया गया है या नहीं और अगर किया है तो किसे। इन सभी बातों को साफ-साफ करना है। इस मामले में आगे आरोपितों की संख्या भी बढ़ सकती है।