ग्वालियर : शनिवार, जुलाई 8, 2023,
15 अगस्त तक एक लाख लोगों की की जायेगी सरकारी भर्ती
21 वर्ष की बहनाओं और जिनके परिवार में ट्रेक्टर है उन्हें भी शामिल किया जायेगा लाड़ली बहना योजना में 134 करोड़ रूपए से अधिक के कार्यों के निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन
गुना जिले के राधौगढ़ में आयोजित हुआ मुख्यमंत्री लाड़ली बहना सम्मेलन
मुख्यमंत्री श्री चौहान एवं केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने क्षेत्र के विकास के लिये दी अनेकों सौगात
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि महिलाओं, युवाओं और किसानों के जीवन में खुशहाली लाना ही हमारा मकसद है। लाड़ली बहनाओं को एक हजार रूपए से बढ़ाकर तीन हजार रूपए तक की सहायता हर माह उपलब्ध कराई जायेगी। प्रदेश में 15 अगस्त तक एक लाख लोगों को शासकीय नौकरी में भर्ती किया जायेगा। इसके बाद और 50 हजार युवाओं को शासकीय नौकरी उपलब्ध कराई जायेगी। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को गुना जिले के राधौगढ़ में आयोजित मुख्यमंत्री लाड़ली बहना सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में यह बात कही। कार्यक्रम में केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, प्रदेश के ऊर्जा मंत्री एवं गुना जिले के प्रभारी मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, पंचायत मंत्री श्री महेन्द्र सिंह सिसोदिया, क्षेत्रीय सांसद श्री रोडमल नागर सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लाड़ली बहना शामिल हुईं। 
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान एवं केन्द्रीय मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की उपस्थिति में इस अवसर 134 करोड़ 12 लाख रूपए के विकास कार्यों का ई-लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया।
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रत्येक माह की 10 तारीख को लाड़ली बहनाओं के खाते में पैसे डालने का कार्य सरकार कर रही है। आने वाली 10 तारीख को पुन: बहनों के खाते में पैसे डालने का कार्य किया जायेगा। प्रतिवर्ष सरकार 15 हजार करोड़ रूपए की राशि बहनों के खातों में डालेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि 10 तारीख को ही यह घोषित किया जायेगा कि अब 21 वर्ष की बहनें भी लाड़ली बहना में शामिल होंगीं। इसके साथ ही जिन बहनों के परिवार में ट्रेक्टर है उन्हें भी इस योजना का लाभ दिया जायेगा।
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि राधौगढ़ के विकास में सरकार कोई कोर कसर नहीं छोड़ेगी। 2003 से पूर्व राधौगढ़ में न सड़क थी, न बिजली थी और न ही पीने का पानी था। इसके साथ ही सड़कों की हालत भी बहुत ही खराब थी। 2003 के बाद हमने यहाँ विकास के अनेक कार्य किए हैं और विकास की गति को हम रूकने नहीं देंगे।
देश व प्रदेश में बेटियाँ बन रहीं हैं सशक्त – केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया
केन्द्रीय नागरिक उड्डयन एवं इस्पात मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि केन्द्र एवं राज्य सरकार ने महिला शक्ति को आगे करने का काम किया है, जिससे नारी शक्ति अपनी प्रगति का मार्ग स्वयं तय कर सकती है। देश व प्रदेश में बेटियाँ अब बोझ नहीं रही हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शुरू किए गए बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम तथा मुख्यमंत्री श्री चौहान द्वारा शुरू की गई लाड़ली लक्ष्मी, लाड़ली बहना एवं मुख्यमंत्री कन्या विवाह व निकाह योजना ने इसमें महती भूमिका निभाई है।
केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने कहा कि राधौगढ़ क्षेत्र में 2003 से पहले जो समस्यायें थीं, लोगों को मूलभूत सुविधाओं के लिये भी परेशान होना पड़ रहा था। 2003 के बाद विकास के द्वार खुले और लोगों को बेहतर सुविधायें मुहैया हुई हैं। केन्द्र सरकार एवं प्रदेश सरकार विकास के लिये कटिबद्ध है। महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में मध्यप्रदेश में जो कार्य किया है वह सम्पूर्ण देश में अनुकरणीय है। 
क्षेत्रीय सांसद श्री रोडमल नागर ने कहा कि केन्द्र सरकार और प्रदेश सरकार आम जनों के उत्थान के लिये जो कार्य कर रही है, वह अनुकरणीय हैं। प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में जो ऐतिहासिक काम किया है उसकी जितनी प्रशंसा की जाए उतनी कम है।
कार्यक्रम के प्रारंभ में श्री हीरेन्द्र सिंह ने स्वागत भाषण दिया। उन्होंने कहा कि राधौगढ़ के लिये सौभाग्य की बात है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान और केन्द्रीय मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया करोड़ों रूपए की सौगात लेकर राधौगढ़ पधारे हैं। राधौगढ़ की समस्त जनता जनार्दन उनकी हमेशा ऋणी रहेगी।
सरिता के परिवार को प्रतिमाह मिल रहे हैं 13 हजार रूपए
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की उपस्थिति में राधौगढ़ की निवासी श्रीमती सरिता ने मंच पर आकर स्वयं बताया कि वह स्व-सहायता समूह की सदस्य है और संयुक्त परिवार में रहती हैं। उनके परिवार की 13 बहनों को मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के तहत एक – एक हजार रूपए की राशि प्राप्त हो रही है। परिवार को प्रतिमाह 13 हजार रूपए की राशि प्राप्त होने से आर्थिक संबल मिला है और वे अपने बच्चों की शिक्षा-दीक्षा में भी समर्थ हुई हैं।
बहनाओं ने लम्बी राखी बांधी अपने मुख्यमंत्री भैया को
राधौगढ़ में आयोजित मुख्यमंत्री लाड़ली बहना सम्मेलन में उत्साहित लाड़ली बहनाओं ने स्वयं तैयार की गई बड़ी राखी बाँधकर मुख्यमंत्री का अभिवादन किया।
हितलाभ का वितरण
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने सम्मेलन में विभिन्न योजनाओं के तहत हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण भी किया। उन्होंने लाड़ली बहना योजना, भू-अधिकार पत्र सहित विभिन्न योजनाओं के तहत 7 हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र प्रदान किए।
विधानसभा क्षेत्र राधौगढ़ में इन कार्यों का हुआ लोकार्पण
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने गुना जिले के विधानसभा क्षेत्र राधौगढ़ में 7.40 करोड़ रूपए लागत के कुल 6 विकास कार्यों का लोकार्पण किया। जिन कार्यों का लोकार्पण किया गया, उनमें म.प्र. ग्रामीण सड़क विकास प्राधिकरण, स्वास्थ्य विभाग एवं लोक निर्माण विभाग के विकास कार्य शामिल हैं।
विधानसभा क्षेत्र राधौगढ़ में इन कार्यों का हुआ भूमिपूजन
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा गुना जिले के विधानसभा क्षेत्र राधौगढ़ में 43.86 करोड़ रूपए की लागत के कुल 11 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। जिन विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया, उनमें लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अंतर्गत आने वाले 4.52 करोड़ रूपए की लागत के कुल 8 कार्य, पीआईयू (लोक निर्माण विभाग) के अंतर्गत आने वाले 35 करोड़ रूपए की लागत के एक कार्य एवं विद्युत विभाग के अंतर्गत आने वाले 4.34 लाख रूपए की लागत के कुल दो विकास कार्य शामिल हैं।
गुना जिले की चाचौड़ा विधानसभा क्षेत्र में इन विकास कार्यों का हुआ भूमिपूजन
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान गुना जिले के विधानसभा क्षेत्र चाचौड़ा में 82.86 करोड़ रूपए लागत के कुल 59 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। जिनमें पीआईयू के एक, लोक निर्माण विभाग के एक एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के 57 विकास कार्य शामिल हैं।




