भोपाल –
हिंदी साहित्य जगत के स्थापित प्रकाशन संस्थान शिवना प्रकाशन ने वर्ष 2021 तथा 2022 के लिए दिए जाने वाले पुरस्कारों की घोषणा कर दी है. वरिष्ठ साहित्यकार हरि भटनागर और नीलेश रघुवंशी को ‘अंतरराष्ट्रीय शिवना सम्मान’ के लिए चुना गया है. ‘शिवना कृति सम्मान’ से अवधेश प्रताप सिंह, ओमप्रकाश शर्मा और आदित्य श्रीवास्तव को सम्मानित किया जाएगा.
शिवना प्रकाशन के ऑनलाइन आयोजन में वर्ष 2021 तथा 2022 के लिए पांच लेखकों को यह सम्मान दिए जाने की घोषणा की गई है.शिवना सम्मानों के लिए बनाई गई चयन समिति के संयोजक, पत्रकार और लेखक आकाश माथुर ने बताया कि शिवना प्रकाशन द्वारा दो सम्मान प्रदान किए जाते हैं. एक ‘अंतरराष्ट्रीय शिवना सम्मान’ जो वर्ष भर में सभी प्रकाशनों द्वारा प्रकाशित साहित्य की सभी विधाओं की पुस्तकों में से निर्णायकों द्वारा चयनित एक पुस्तक को प्रदान किया जाता है. दूसरा ‘शिवना कृति सम्मान’ जो वर्ष भर में शिवना प्रकाशन द्वारा प्रकाशित पुस्तकों में गुणवत्ता तथा विक्रय के सम्मिलित आधार पर एक पुस्तक को प्रदान किया जाता है.आकाश माथुर ने बताया कि वर्ष 2021 और 2022 के लिए इन सम्मानों की घोषणा हिंदी की वरिष्ठ लेखिका तथा शिवना प्रकाशन संचालक मंडल की सदस्य सुधा ओम ढींगरा ने ऑनलाइन की. वर्ष 2021 के लिए ‘अंतरराष्ट्रीय शिवना सम्मान’ शिवना प्रकाशन से प्रकाशित उपन्यास ‘दो गज़ ज़मीन’ के लिए हिंदी के प्रतिष्ठित कथाकार हरि भटनागर को प्रदान किया जाएगा. वर्ष 2021 के लिए ‘शिवना कृति सम्मान’ दो पुस्तकों यात्रा संस्मरण ‘नर्मदा के पथिक’ के लिए लेखक ओमप्रकाश शर्मा को और शोध रिपोर्ताज ‘वैक्सीन से वायरस तक’ युवा पत्रकार, लेखक आदित्य श्रीवास्तव को संयुक्त रूप से प्रदान किया जाएगा.
सुधा ओम ढींगरा ने बताया कि वर्ष 2022 के लिए ‘अंतरराष्ट्रीय शिवना सम्मान’ राजकमल प्रकाशन से प्रकाशित उपन्यास ‘शहर से दस किलोमीटर’ के लिए हिंदी की प्रतिष्ठित कवयित्री नीलेश रघुवंशी को प्रदान किया जाएगा. इस वर्ष के लिए ‘शिवना कृति सम्मान’ विधानसभा तथा लोकसभा की कार्यवाही को लेकर प्रकाशित महत्त्वपूर्ण पुस्तक ‘विधानमण्डल पद्धति एवं प्रकिया’ के लिए मध्य प्रदेश विधानसभा के प्रमुख सचिव अवधेश प्रताप सिंह को प्रदान किया जाएगा.
इस अवसर पर साहित्यकार पंकज सुबीर और शिवना प्रकाशन के संचालक शहरयार भी ऑनलाइन आयोजन में उपस्थित थे. आकाश माथुर ने बताया कि शीघ्र ही एक सम्मान समारोह में इन सभी सम्मानित रचनाकारों को यह सम्मान प्रदान किए जाएंगे.




