पटना: लोकसभा चुनाव से पहले बिहार में छोटी-बड़ी पार्टियां अपने-अपने अनुसार रणनीति बनाने में जुटी हैं. जाप सुप्रीमो पप्पू यादव (Pappu Yadav) ने भी तय कर लिया है कि वह किसके साथ गठबंधन करेंगे. रविवार (18 जून) को जन अधिकार युवा प्रकोष्ठ की एक दिवसीय बैठक का आयोजन किया गया. इसमें पप्पू यादव ने एलान किया कि वह महागठबंधन का हिस्सा बन सकते हैं. पप्पू यादव ने कहा कि मैं राजनीतिक रूप से धर्मनिरपेक्ष रहा हूं. जहां तक गठबंधन की बात है तो समय आने पर सबको पता चल जाएगा कि मैं किसके साथ जाने वाला हूं.पप्पू यादव ने कहा कि कांग्रेस और महागठबंधन की विचारधारा के आसपास जन अधिकार पार्टी की विचारधारा रही है. हमारा प्रयास होगा कि आगामी चुनाव में पार्टी समान विचारधारा वाली पार्टी के साथ गठबंधन करेगी, लेकिन तय तो उनको करना है. 23 जून को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अगुवाई में विपक्षी दलों की बैठक पटना में होने जा रही है लेकिन पप्पू यादव को अभी तक आमंत्रण नहीं मिला है. इस पर पप्पू यादव ने दुखी मन से कहा कि बुलाएंगे तो वही लोग न, हमने तो पहले ही कह दिया है कि हम रंक हैं वह लोग राजा हैं.




