Wednesday, April 22, 2026
spot_img
Homeराज्यबिपरजॉय राजस्थान में लेकर आया तबाही, बांध टूटा, नहर टूटी, आधी रात...

बिपरजॉय राजस्थान में लेकर आया तबाही, बांध टूटा, नहर टूटी, आधी रात से दुकानें खाली कर रहे हैं सांचौर के दुकानदार

Biporjoy Latest News: राजस्थान में आए चक्रवाती तूफान बिपरजॉय से बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं. भारी बारिश के कारण जालोर जिले के सांचौर में बांध टूटने से कई इलाके डूब गए हैं. बांध टूटने से नर्मदा लिफ्ट कैनाल में पानी बढ़ गया. इससे नहर भी टूट गई. अब सबसे अधिक खतरा सांचौर शहर पर मंडरा रहा है. शनिवार रात बांध टूटने की जानकारी मिलते ही पूरे शहर को खाली कराने की कोशिश की जा रही है. मौसम विभाग ने आज भी कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है.

बाड़मेर और सिरोही में बारिश का कहर

बाड़मेर और सिरोही में भी बीते 36 घंटे से हो रही बारिश से शहरों में पानी नदियों की तरह बह रहा है. जालोर, सिरोही, बाड़मेर में रविवार सुबह भी बारिश का दौर जारी है. इन जिलों के कुछ इलाकों में अब तक 10 से लेकर 13 इंच (एक फुट) तक बरसात दर्ज हो चुकी है. बिपरजॉय तूफान के कारण सांचौर सहित आसपास के क्षेत्र में लगातार मूसलाधार बारिश हो रही है.गुजरात की तरफ से भी यहां बने सुरावा बांध में लगातार पानी आ रहा था. ज्यादा पानी का भराव होने की वजह से शनिवार देर रात बांध टूट गया.

बांध का पानी सांचौर की तरफ बढ़ रहा है.अचानक शहर में पानी आने की जानकारी मिलने के बाद देर रात करीब 2 बजे से लोगों ने बाजार में अपनी दुकानें खाली करना शुरू कर दिया. निचले इलाके के लोगों को भी सुरक्षित स्थान पर जाने के लिए कह दिया गया है. सुरावा से पानी हाड़ेतर होते हुए जाजुसन तक पहुंच गया.इसके बाद आगे बन रही भारतमाला एक्सप्रेस वे सड़क के पुल से होते हुए सांचौर की तरफ रात को 4 बजे बढ़ गया था. नर्मदा नहर की सांचौर लिफ्ट कैनाल में ज्यादा पानी आने से वह भी टूट गई है.

 

बाड़मेर पर बाढ़ का खतरा

जालोर के अलावा सिरोही और बाड़मेर पर भी बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है. यहां कई इलाकों में 4-5 फुट तक पानी भर गया है. इसके बाद लोगों को एनडीआरएफ-एसडीआरएफ की मदद लेकर रेस्क्यू करना पड़ा.

मौसम विशेषज्ञ इस चक्रवात को साल 2021 में आए ताऊ-ते तूफान और 1998 में आए चक्रवात से भी ज्यादा खतरनाक चक्रवात मान रहे हैं.क्योंकि उस समय राजस्थान में इतनी बरसात नहीं हुई थी.मौसम विभाग के जयपुर केंद्र ने रविवार को भी चक्रवात के प्रभाव से राजस्थान के जोधपुर, अजमेर और जयपुर संभाग के जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने अलर्ट जारी किया है.

RELATED ARTICLES

ADVERTISMENT

Most Popular