प्रदेश में पहली बार दलित इंडियन चेंबर आफ कामर्स एंड इंडस्ट्री(डिक्की)मप्र शाखा की ओर से डा. बीआर आंबेडकर की 132वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में चार दिवसीय डा. आंबेडर बिजनेस फेयर 22 जून से बिट्टन मार्केट दशहरा मैदान आयोजित किया जा रहा है। इसके लिए शनिवार को धर्मगुरुओं द्वारा भूमिपूजन किया गया। साथ ही उद्यमिता का पौधा रोपा। बौद्ध धर्म गुरु भंते शाक्य पुत्र थेरे, उज्जैन वाल्मिकी धाम के पीठाधीश्वर उमेशनाथ सहित अलग-अलग धर्मों के धर्म गुरुओं को सम्मान में नीम के पौधे वितरित किए गए। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम(एमएसएमई) विभाग और उद्योग नीति एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग के सहयोग से 25 जून तक लगने वाले फेयर में देश भर से दो लाख लोगों के शामिल होने का डिक्की द्वारा दावा किया जा रहा है। साथ ही उद्यमियों, कंपनियों, विभागों, बैंकों आदि के 200 से अधिक स्टाल्स में उनके उत्पाद और सर्विसेज डिस्प्ले रहेंगे। डिक्की मप्र चैप्टर के अध्यक्ष डा. अनिल सिरवैया ने बताया कि फेयर के माध्यम से युवाओं को उद्यमिता और स्व-रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। फेयर में सबसे ज्यादा फोकस बिजनेस फ्रेंचाइजी माडल, डीलरशिप माडल, एंकर यूनिट डेवलपमेंट और स्थानीय समस्याओं के समाधान में स्टार्टअप और इनोवेशन के जरिए से उद्यमिता के अवसर निर्मित करने पर होगा। फेयर में 50 हजार पौधे उद्यमिता वृक्ष के प्रतीकात्मक रूप में वितरित किए जाएंगे।
फेयर में ये रहेगा
-स्वरोजगार एवं व्यापार के नए अवसर मिलेंगे।
-उद्यमियों, कंपनियों, विभागों, बैंकों आदि के 200 से अधिक स्टाल्स लगेंगे।
-जी20 इंगेजमेंट ग्रुप्स सत्र का आयोजन।
-थीम आधारित बिजनेस आइडिया सत्र।
-10 बायर-सेलर मीट।
-वेंडर डेवलपमेंट प्रोग्राम।
-सफल उद्यमियों के साथ संवाद।
– स्टार्टअप्स नीतियों पर संवाद होगा।
-बैंकों और वित्तीय संस्थानों के सत्र।
-सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।
– डा. आंबेडकर के जीवन पर प्रदर्शनी लगेगी।




