Wednesday, April 29, 2026
spot_img
Homeजनसम्पर्क समाचारतंबाकू निषेध पखवाड़े के अंतर्गत न्यू मार्केट क्षेत्र में की गई जन...

तंबाकू निषेध पखवाड़े के अंतर्गत न्यू मार्केट क्षेत्र में की गई जन जागरूकता गतिविधियां

राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित विश्व तंबाकू नियंत्रण पखवाड़े में न्यू मार्केट क्षेत्र में व्यापारियों एवं आम नागरिकों को तंबाकू के दुष्प्रभाव से अवगत करवाने के लिए जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया जिसमें कैंसर रूपी कैरेक्टर के माध्यम से तंबाकू उत्पादों के उपयोग से होने वाली गंभीर बीमारियों के बारे में लोगों को जानकारी दी गई। इस दौरान जिला स्तरीय निरीक्षण एवं एनफोर्समेंट दल द्वारा कोटपा एक्ट के तहत धूम्रपान करने एवं तंबाकू सेवन कर थूकने पर चालानी कार्यवाही की गई।

ब्रह्माकुमारी संस्था के वॉलिंटियर्स द्वारा धूम्रपान ना करने की शपथ दिलवाई गई। जिला निरीक्षण दल द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान नहीं करने की समझाइश तंबाकू छोड़ने के इच्छुक लोगों को जयप्रकाश चिकित्सालय में संचालित परामर्श केंद्र में आने की सलाह दी गई। साथ ही व्यापारियों से अपील की गई कि अगर वे तम्बाकू का सेवन करते हैं तो सबसे पहले स्वयं तम्बाकू का इस्तेमाल करना बंद करे। साथ ही अपने कर्मचारियों और ग्राहकों को भी तम्बाकू, गुटका न खाने के लिए प्रेरित करे। जिससे स्वास्थ्य के साथ बाजार परिसर को भी स्वच्छ रखा जा सके।

कार्यवाही के दौरान तम्बाकू विक्रेताओं को दुकान के सामने तम्बाकू से होने वाले खतरो की वैधानिक चेतावनी संबधी जानकारी अनिवार्य रूप से प्रदर्शित किए जाने हेतु निर्देशित गया। नोडल अधिकारी तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम की अगुवाई में की गई कार्यवाही में टीटी नगर पुलिस द्वारा सहयोग प्रदान किया गया।ब्रह्मकुमारी संस्था के वॉलिंटियर्स द्वारा लोगों आर्थिक, सामाजिक एवं स्वास्थ्य पर पड़ने वाले गंभीर नुकसान बतलाए गए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी भोपाल डॉ. प्रभाकर तिवारी ने बताया कि भोपाल जिले के विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर जिला टीम द्वारा समय-समय पर निरीक्षण किया जाता हैं।

प्रायः यह देखने में आता है कि लोग गुटके का सेवन कर उसे जगह जगह थूकते हैं। ऐसा करना स्वास्थ्य और पर्यावरण दोनों के लिए खराब है। साथ ही यह हमारे परिवेश को अस्वच्छ भी करता है। तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत सार्वजनिक क्षेत्रों में जागरूकता गतिविधियों के साथ चालानी कार्यवाही निरंतर की जाएगी।

RELATED ARTICLES

ADVERTISMENT

Most Popular