अपनी ही पार्टी की भ्रष्ट और बेईमान सरकार से भाजपा के कार्यकर्ता है तंग और परेशान
अरूण यादव ने मीडिया से चर्चा करते हुए सतपुड़ा भवन के अग्निकांड को बताया साजिश
भोपाल /14 जून 2023/, पूर्व केन्द्रीय कृषि राज्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अरूण यादव ने कहा कि अपनी ही पार्टी की भ्रष्ट और बेईमान सरकार से अब भाजपा के कार्यकर्ता भी तंग आ चुके हैं । परेशान होकर वे कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं । आज बुधवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय भोपाल में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और अरूण यादव की उपस्थिति में बैजनाथ यादव, विनय यादव, मीरा सिंह , रामवीर यादव सहित 3 हजार भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस में शामिल हुए । इसके बाद श्री यादव ने पत्रकारों को बताया कि भाजपा में आज भगदड़ मची हुई है । ब्लॉक, विधानसभा और जिला स्तर पर भी भाजपा के कार्यकर्ता कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं । श्री यादव ने कहा कि सिंधिया समर्थक अन्य कार्यकर्ता भी कांग्रेस में आयेंगें । भाजपा में अब अकेले सिंधिया ही रह जायेंगे । भाजपा में आज भाजपा के कार्यकर्ता ही घुटन महसूस कर रहे हैं । इसीलिए वे कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं ।
साजिश है सतपुड़ा भवन की आग अरूण यादव ने पत्रकारों से कहा कि जबलपुर में 12 जून को कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने भाजपा की शिवराज सरकार के भ्रष्टाचार की पोल खोल कर रख दी थी । इसके बाद सतपुड़ा भवन में भीषण अग्निकांड हो गया और भ्रष्टाचार की फाईलें जलकर राख हो गई । यह एक सामान्य घटना नही है । पूर्व नियोजित साजिश है । मेरी और कांग्रेस पार्टी की मॉग है कि सतपुड़ा भवन में हुए अग्निकांड में जले दस्तावेजों की विभागवार सूची ब्लैक एण्ड व्हाईट में तैयार कर जनता के समक्ष रखें । इस साजिश में मुख्यमंत्री सचिवालय के अधिकारियों की मिलीभगत का भी अरूण यादव ने आरोप लगाया और उच्च स्तरीय जॉच की मॉग की । श्री यादव ने कहा कि 2018 के विधानसभा चुनाव के पूर्व भी इसी प्रकार से आगजनी में भ्रष्टाचार की फाईलें जलाई गई थी । अब 2023 के विधानसभा चुनाव के पूर्व भी भ्रष्टाचार की फाईलों को साजिशपूर्वक जला दिया गया है ।
क्या भाजपा धर्म की ठेकेदार है ?
अरूण यादव ने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए प्रतिप्रश्न किया कि क्या भाजपा धर्म की ठेकेदार है ? हमारी भी ईश्वर में आस्था है । हम भी भगवान की पूजा अराधना करते हैं । उसका प्रोपोगण्डा नहीं करते । हमारे पूजा अराधना करने से भाजपा को तकलीफ क्यों? कर्नाटक के चुनाव में हनुमान जी की गदा चली थी । म.प्र. में भी हनुमान जी की गदा भी चलेगी और भगवान महाकाल का आशीर्वाद भी कांग्रेस को मिलेगा । वर्ष 2023 के मिशन में हम जीत का परचम लहरायेंगेे । बहुमत के साथ म.प्र. में कांग्रेस की सरकार बनेगी ।