मोतिहारी: पीएम नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) की सरकार के कार्यकाल के 9 वर्ष पूरा होने पर बीजेपी (BJP) पूरे देश में जगह-जगह कार्यक्रम कर रही है. इसी कड़ी में गुरुवार (8 जून) को मोतिहारी में भी कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस मौके पर पूर्व केंद्रीय कृषि मंत्री सह बीजेपी सांसद राधा मोहन सिंह (Radha Mohan Singh) ने कहा कि एक देश में दो तरह का कानून नहीं रहेगा. धर्म के आधार पर अलग-अलग कानून नहीं बनाए जाएंगे क्योंकि सभी के शरीर में एक ही रक्त है. इस देश में रहने वाले सभी के पुरखे एक ही थे.
अब राधामोहन सिंह की ओर से दिए गए उक्त बयान के कई अर्थ निकाले जा रहे हैं. मोतिहारी के हरसिद्धि विधानसभा क्षेत्र के गायघाट में बीजेपी की ओर से कार्यक्रम किया गया था. मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय कृषि एवं कल्याण राज्य मंत्री शांतनु ठाकुर भी पहुंचे थे. साथ में पूर्वी चंपारण के सांसद सह पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं बीजेपी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राधा मोहन सिंह भी मौजूद रहे.




