Chhattisgarh News छत्तीसगढ़ में एक जून गुरुवार का दिन एतिहासिक रहा। प्रदेश के 12 लाख 38 हजार 116 लोगों ने पर्यावरण प्रहरी बनने का संकल्प लिया। लोगों ने पर्यावरण संरक्षण की प्रतिज्ञा लेकर विश्व कीर्तिमान स्थापित किया। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने एक दिन पहले लोगों से पर्यावरण संरक्षण के लिए शपथ लेने की अपील की थी। मुख्यमंत्री ने अभियान में जनभागीदारी की अपील करते हुए कहा था कि यह शपथ ही नहीं बल्कि एक जन अभियान है, जो नवा छत्तीसगढ़ में एक कीर्तिमान स्थापित करेगा।
लक्ष्य से अधिक लोगों ने ली शपथपर्यावरण संरक्षण मंडल ने पांच लाख का लक्ष्य रखा था मगर यह दो गुना से अधिक हो गया। लोगों ने घरों में शपथ लेकर अपनी फोटो और वीडियो भी मंडल को साझा की। सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक पर्यावरण संरक्षण के लिए लोग संकल्प लेते रहे। मुख्यमंत्री की अपील का असर हुआ और राज्य में हर वर्ग के लोगों ने छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मण्डल की मुहिम का बढ़ चढ़ कर साथ दिया और एक दिन में 12 लाख 38 हजार 116 से अधिक लोगों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ लेकर विश्व रिकार्ड स्थापित किया।
रायपुर में टूटा रिकार्ड
रायपुर में एक दिन में सबसे अधिक शपथ का विश्व रिकार्ड टूटा और एक लाख 75 हजार 209 शपथ के साथ मण्डल ने लिमका बुक आफ रिकार्ड में अपना नाम दर्ज कराया। साथ ही पूरे राज्य के लोगों ने शपथ लेकर इंडिया स्टार बुक आफ रिकार्ड और वर्ल्ड रिकार्ड बुक में मंडल ने अपना नाम दर्ज कराया। रायपुर समेत प्रदेशभर के स्कूल-कालेज के विद्यार्थियों ने ग्रीष्मकालीन छुट्टी के दिन भी एकजुट होकर शपथ ली। रायपुर धरसींवा विकासखंड के बीईओ संजयपुरी गोस्वामी ने बताया कि यहां दो हजार से अधिक शिक्षकों और 10 हजार से अधिक विद्यार्थियों व अभिभावकों ने शपथ ली है। छत्तीसगढ़ के आवास व पर्यावरण मंत्री मोहम्मद अकबर, मंडल के अध्यक्ष सुब्रत साहू, सदस्य सचिव आरपी तिवारी ने इन जनभागीदारी में शामिल सभी लोगों को धन्यवाद दिया।




