Thursday, May 7, 2026
spot_img
Homeमध्यप्रदेशछह मार्च को प्रदेशभर में यातायात व्यवस्था की कमान संभालेंगी महिला पुलिसकर्मी

छह मार्च को प्रदेशभर में यातायात व्यवस्था की कमान संभालेंगी महिला पुलिसकर्मी

महिला दिवस के उपलक्ष्य में छह मार्च को प्रदेशभर में महिला पुलिसकर्मी यातायात व्यवस्था संभालेंगी। इसका उद्देश्य महिलाओं के आत्मसम्मान और आत्मविश्वास को बढ़ाना है। वहीं प्रदेश में यातायात जागरुकता को लेकर इसी दिन कार्यक्रम आयोजित होंगे। उल्लेखनीय है कि हर वर्ष 8 मार्च को विश्व महिला दिवस मनाया जाता है, लेकिन इस वर्ष महिला दिवस के दिन ही होली होने के कारण 6 मार्च को यातायात विभाग द्वारा यह पहल की जाएगी। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के साथ ही इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, उज्जैन और प्रदेश के अन्य शहरों में उपलब्ध पुलिसबल की सहायता से उत्तम गणवेश में महिला अधिकारी एवं कर्मचारी यातायात नियंत्रण के कार्य को संचालित करेंगी। प्रदेश के शहरों के सभी चौराहों पर महिला पुलिसकर्मियों की ड्यूटी ही लगाई जाएगी। इस संबंध में पुलिस महानिदेशक के माध्यम से निर्देश जारी किए गए हैं।

महिला सशक्तिकरण का संदेश देने के लिए पुलिस विभाग द्वारा यह पहल की जा रही है। 6 मार्च को सुबह 8 बजे से प्रदेश के विभिन्न शहरों में महिला पुलिसकर्मी चौक-चौराहों पर तैनात रहेंगी। इस दौरान वह वाहन चालकों को नियमों का पालन करने के लिए समझाइश भी देती नजर आएंगी। प्रदेश के हर शहर और कस्बों में यह नजारा देखने को मिलेगा। इसके लिए पूरे प्रदेश में हजारों महिला पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। इसमें महिला पुलिस आरक्षक से लेकर अधिकारी रैंक की महिला पुलिसकर्मी शामिल होंगी। इनके माध्यम से हेलमेट धारण न करना, सीट बेल्ट न लगाना, वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात करना, ओवर स्पीडिंग के उल्लंघन पर कार्रवाई भी की जाएगी।

छह मार्च को यातायात विभाग में तैनात महिला अधिकारी और कर्मचारी ना केवल यातायात व्यवस्था को संभालेंगी, बल्कि नागरिकों को जागरूक भी करेंगी। इसके अंतर्गत प्रदेश भर में यातायात जागरुकता रथ, नुक्कड़ नाटक, स्कूल-कॉलेजों में प्रश्न मंच, रैली, निबंध और चित्रकारी प्रतियोगिता, हाट-बाजारों में उद्धोषणा, बैनर, पोस्टर के माध्यम से जागरुकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे। इसके माध्यम से यातायात नियमों से नागरिकों को अवगत कराया जाएगा।
RELATED ARTICLES

ADVERTISMENT

Most Popular