आम आदमी की सबसे पसंदीदा कार कंपनी मारुति सुजुकी के नाम नया कीर्तिमान जुड़ गया है। कंपनी 25 मिलियन यानी 2.5 करोड़ कार बनाने वाली देश की पहली कंपनी बन गई है। कंपनी ने 1983 में अपने सफर की शुरूआत हरियाणा के गुरूग्राम से की थी। हरियाणा के ही मानेसर में भी कंपनी का दूसरा प्लांट है। इन दोनों प्लांट में मारुति हर साल 1.5 मिलियन आनी 15 लाख यूनिट का प्रोडक्शन करती है। कंपनी के पास सबसे ज्यादा कार मॉडल हैं। वहीं, 9 मॉडल CNG के भी हैं। कंपनी एरेना और नेक्सा डीलरशिप से कार बेचती हैं। मारुति देश की ऐसी कंपनी है जिसकी सबसे पहली कार मारुति 800 के सचिन तेंदुलकर और शाहरुख खान भी दीवाने रहे हैं। चलिए मारुति की इस कामयाबी के मौके पर हम आपको इससे जुड़ी कुछ रोचक बातें बताते हैं।
मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड की ऑफिशियल वेबसाइट के मुताबिक, उससे 2,59,11,311 ग्राहक जुड़े हुए हैं। कंपनी हर महीने 14.75 लाख गाड़ियों की सर्विस करती है। वहीं, देशभर में इसके 3.5 हजार शोरूम है। इसमें एरेना और नेक्सा दोनों शामिल हैं।
मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड ने सितंबर में 40 साल पूरे किए हैं। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इससे जुड़े एक इवेंट में शामिल हुए। मारुति का नया कदम अब इलेक्ट्रिक व्हीकल सेगमेंट की तरफ है। इसके लिए कंपनी 10 हजार करोड़ का निवेश भी करेगी।जापान की कार मैन्युफैक्चरर कंपनी सुजुकी ने भारत के अंदर मारुति उद्योग के साथ मिलकर कार कंपनी शुरू की थी। इसकी स्थापना जापान के एक छोटे से गांव में 1920 में की गई थी। सुजुकी की स्थापना मीचियो सुजुकी ने की थी। वे वास्तविक रूप से लूम (SuzukiLoom Works) का व्यापार करते थे।
साल 1959 में सस्ती और छोटी कार का विचार नेहरू कैबिनेट के मंत्री मनुभाई शाह को सबसे पहले आया था। इसके बाद यह कॉन्सेप्ट एलके झा के नेतृत्व वाली कमिटी के पास पहुंचा, लेकिन 1980 तक इसे मूर्त रूप नहीं दिया जा सका।
मारुति ने भारतीय बाजार में अपनी मारुति 800 कार 1983 में लॉन्च की थी। कंपनी ने 800 मॉडल की कीमत 48,000 रुपए रखी थी। ऑन रोड इसकी कीमत करीब 52,500 रुपए थी। इस कार में 796cc पेट्रोल इंजन दिया था।
मारुति 800 ऐसी कार थी जिसकी टॉप स्पीड उसके मीटर तक चली जाती थी। यह कार 140 किलोमीटर/घंटा की रफ्तार से चल सकती थी और इसकी इसकी टॉप स्पीड 144 किलोमीटर/घंटा रिकॉर्ड की गई थी।
भारत में मारुति की फैक्ट्री से निकलने वाली पहली कार मारुति 800 थी। करीब 20000 लोगों ने कार की बुकिंग कराई थी, लेकिन एक लॉटरी ड्रा के द्वारा दिल्ली के हरपाल सिंह का नाम निकला था।मारुति 800 ही भारत की पहली ऐसी कार थी जो फ्रंट वील ड्राइव के साथ आती थी। इसके पहले मालिक हरपाल सिंह थे। 14 दिसंबर, 1983 को भारत की प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी ने उन्हें कार की चाबी सौपी थीं।
मारुति 800 देश में पहली मल्टी फीचर्स वाली कार भी बनई। इसमें एयर कंडीशनर भी मिलता था। 2013 में जहां मारुति 800 की 20754 यूनिट बिकीं, तो टाटा 18,447 नैनो ही बेच पाई। आज भी मारुति 800 की शान बरकरार है।
कराची एंटी-कार लिफ्टिंग सेल यूनिट के मुताबिक, पाकिस्तान में यह सबसे ज्यादा चोरी की गई कार के तौर पर लोकप्रिय है। पाकिस्तान में यह सुजुकी मेहरान के नाम से मिलती थी।मारुति 800 कुछ सिलेब्रिटीज की पहली कार रही, जिसमें सचिन तेंदुलकर का नाम भी शामिल है। इसके अलावा शाहरुख खान ने भी मारुति 800 खरीदी थी। 2014 में मारुति 800 का प्रॉडक्शन पूरी तरह बंद कर दिया गया।




