मध्यप्रदेश में गरबा पंडालों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इंदौर के गरबा पंडालों में घुसे गैर हिंदू पकड़ में आने के बाद प्रदेश के अन्य जिलों में भी गरबा आयोजकों द्वारा सुरक्षा बढ़ा दी गई है। ये युवक गरबा पंडाल में घुस कर लड़कियों का वीडियो बना रहे थे। ऐसे में सोशल मीडिया पर एक गरबा पंडाल की गेट का पोस्टर वायरल हो रहा है जिसमें यह लिखा हुआ है कि ‘गैर हिंदुओं का गरबा प्रांगड में प्रवेश वर्जित है।’ आयोजकों द्वारा बैनर और अन्य माध्यमों से सूचना दी जा रही है कि गरबा पंडाल में केवल हिंदू ही प्रवेश करें। अन्य किसी धर्म के लोग अगर प्रवेश करते पकड़े जाएंगे तो उन पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
तिलक लगाकर दी जा रही एंट्री
उज्जैन शहर में ऐसे चार से पांच स्थानों पर प्रमुख गरबा पंडाल हैं। यह गरबा आयोजन राजनीतिक पार्टियों से भी जुड़े हुए हैं। उज्जैन के दशहरा मैदान कालिदास अकादमी नानाखेड़ा और सामाजिक संस्थाओं द्वारा शहर भर में गरबा का आयोजन कराया जा रहा है। गरबा खेलने और गरबा देखने आए लोगों को तिलक लगाकर प्रवेश देना शुरू कर दिया गया है। वहीं कुछ गरबा आयोजकों ने इसके लिए बाकायदा पास भी छपवाए हैं जो शहर के गणमान्य नागरिकों को दिए जा रहे हैं।
मंच से किया जा रहा अलर्ट
गरबा आयोजक बहादुर सिंह राठौर द्वारा बताया गया की नानाखेड़ा पर सार्वजनिक गरबा आयोजन किया जा रहा है। इंदौर में गैर हिन्दू प्रवेश के बाद गरबा मंडल के गेट पर 2 गार्ड लगाए गए हैं और समय समय पर मंच से अलर्ट भी किया जा रहा है कि गैर हिन्दुओ का प्रवेश वर्जित है।महाराष्ट्रियन समाज के गरबा आयोजक वीरेन्द्र काले के अनुसार पहले तो सिर्फ हिंदू समाज के लोगों को ही गरबा खेलने और देखने की अनुमति रहती थी लेकिन पिछले 2 वर्षो से कोरोना संक्रमण के बाद अन्य समाजों को आने की और देखने की परमिशन है। लेकिन गैर हिन्दुओं के आने पर प्रतिबंध है। बिना आधार कार्ड चेक करे प्रवेश नहीं दिया जा रहा है।
प्रदेश की सांस्कृतिक मंच मंत्री उषा ठाकुर ने कुछ दिन पहले बयान दिया था कि गरबा पंडालों में गैर हिंदुओं का प्रवेश वर्जित किया जाए जिसको लेकर गरबा आयोजकों द्वारा गरबा पंडाल में इसका पालन कराया जा रहा है।
प्रशासन द्वारा दी गई गाइडलाइन
गरबा पंडालों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने भी कमर कस ली है। प्रशासन ने कुछ चेतावनियां जारी की हैं।
• बिना पहचान पत्र के किसी को भी गरबा पंडाल में एंट्री नहीं दी जाए।
कार्यक्रम स्थल पर सीसीटीवी कैमरे जरूर लगे हो।
• आयोजन स्थल पर कोई भी व्यक्ति आपत्तिजनक या संदिग्ध वस्तु, धारदार हथियार नहीं ले जा सकेगा।
• गरबा पंडालों में चिकित्सा व्यवस्था भी की जाए।
• आग से बचाव के लिए सारे इंतजाम किए जाए। फायर सेफ्टी नॉम्स का पालन हो।
• बिजली के तार ठीक हो। इसके लिए बिजली कंपनी से सर्टिफिकेट भी लिया जाए।




