Saturday, May 9, 2026
spot_img
Homeराजनीतिकसिर्फ 34 साल AAP का वह नेता जिसकी राज्यसभा से राज्यों तक...

सिर्फ 34 साल AAP का वह नेता जिसकी राज्यसभा से राज्यों तक धमक, केजरीवाल क्यों फिदा

लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स में अर्थशास्त्र की पढ़ाई और फिर सीए जैसा प्रतिष्ठित पेशा, 23 साल के किसी युवक के लिए इतनी सफलता संतुष्टि का भाव देने के लिए काफी है। लेकिन तभी भ्रष्टाचार के खिलाफ दिल्ली में हुए अन्ना आंदोलन ने इस युवक को एक नई धारा की ओर मोड़ दिया, उसके लिए जीवन की कुछ और सफलताएं इंतजार में थीं। एक दशक पहले वॉलंटियर के रूप में अरविंद केजरीवाल के साथ टीम में शामिल हुए राघव चड्ढा आज उनके सबसे भरोसेमंद रणनीतिकारों में शामिल हैं। यही वजह हैं कि पार्टी उन्हें सबसे मुश्किल टास्क सौंपती है अब तक वह हर जिम्मेदारी को सफलतापूर्वक निभाने में सफल भी रहे हैं।

महज 34 साल की उम्र में संसद के उच्च सदन का सदस्य बन चुके राघव चड्ढा को पार्टी ने अब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सबसे बड़े गढ़ गुजरात में सह प्रभारी बनाकर एक नई जिम्मेदारी दी है। इससे पहले पंजाब में भी राघव ने सह प्रभारी के रूप में काम किया और दिल्ली के बाहर पहली बार किसी राज्य में आप की सरकार बनवाने में उनकी भूमिक अहम मानी जाती है। पहले दिल्ली और फिर पंजाब में राघव चड्ढा ने एक कुशल संगठनकर्ता के रूप में अपनी पहचान बनाई तो पार्टी में भी अपना कद अब काफी ऊंचा हो चुका है।

2015 में ‘आप’ के प्रवक्ता बनाए गए राघव चड्ढा टीवी के भी जानेमाने चेहरा हैं। वह पार्टी को कई आर्थिक और कानूनी मसलों पर सलाह देते रहे हैं। कभी पार्टी में सहयोगियों की ओर से ‘चॉकलेट ब्यॉय’ कहे जाने वाले चड्ढा पार्टी के उन नेताओं में शामिल हैं, जो शुरुआत से अब तक अरविंद केजरीवाल के गुड बुक में बने हुए हैं। राघव चड्ढा की पार्टी में पहली पंक्ति के नेताओं में गिनती होती है और माना जाता है कि ‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के वह बेहद भरोसेमंद हैं।केजरीवाल ने जो भी काम सौंपा राघव ने पूरे लगन के साथ उसे निभाया। अब गुजरात में भी सह प्रभारी बनाए जाने के बाद चड्ढा ने कहा कि वह अपनी ‘जान की बाजी’ लगा देंगे। गुजरात में ‘आप’ काफी आक्रामक तरीके से प्रचार में जुट गई है। इतना ही नहीं भाजपा और कांग्रेस से पहले ही पार्टी ने एक तरफ जहां करीब दो दर्जन सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है तो दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने मुफ्त बिजली, रोजगार, महिलाओं को आर्थिक सहायता जैसे कई वादों के साथ जनता के बीच पार्टी को एक विकल्प के रूप में पेश किया है।

RELATED ARTICLES

ADVERTISMENT

Most Popular