Wednesday, October 15, 2025
spot_img
Homeराज्यOperation Octopus: नक्सल मुक्त हुआ बूढ़ापहाड़, पहली बार उतरा सुरक्षा बलों का...

Operation Octopus: नक्सल मुक्त हुआ बूढ़ापहाड़, पहली बार उतरा सुरक्षा बलों का एमआई हेलीकॉप्टर, इन चार ने निभाई अहम भूमिका

रांची के बूढ़ापहाड़ को नक्सल मुक्त करवा लिया गया है। पहली बार यहां शुक्रवार को सुरक्षाबलों का मिग हेलीकॉप्टर उतरा जिसने यह साफ कर दिया कि ऑपरेशन ऑक्टोपस सफल रहा है। कैंप भी बना दिए गए हैं।

रांची के बूढ़ापहाड़ पर शुक्रवार को पहली बार मिग हेलीकॉप्टर उतारकर झारखंड पुलिस ने माओवादियों के खिलाफ चलाए गए ऑपरेशन के सफल होने की पुष्टि कर दी है। ऑपरेशन बूढ़ापहाड़ को नक्सलमुक्त कराने के लिए अंतिम चरण में पुलिस और सीआरपीएफ ने ऑपरेशन ऑक्टोपस चलाया था। इस ऑपरेशन को पूरी सफलता शुक्रवार को मिल गई। बूढ़ापहाड़ पर आधे दर्जन से अधिक कैंप भी बना दिए गए हैं।

बता दें कि झारखंड समेत तीन राज्यों में माओवादियों के मुख्यालय के तौर पर बूढ़ापहाड़ का इस्तेमाल पिछले तीन दशक से हो रहा था। 1990 से ही घोर नक्सल प्रभाव वाला इलाका रहा बूढ़ापहाड़ झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ के माओवादियों के लिए बड़ा आश्रय स्थल था। केंद्रीय गृह मंत्रालय के टास्क पर काम करते हुए झारखंड पुलिस ने 32 साल से माओवादी गतिविधियों के केंद्र रहे बूढ़ापहाड़ को नक्सल मुक्त करा लिया है।

100 की संख्या में हथियारबंद दस्ता होता था 

1990 में माओवादी संगठन के उभार के बाद बूढ़ापहाड़ पर हमेशा ही पोलित ब्यूरो या सेंट्रल कमेटी मेंबर कैंप करते थे। बड़े माओवादियों के साथ 100 की संख्या में हथियारबंद दस्ता होता था। बूढ़ापहाड़ अरविंद उर्फ देवकुमार सिंह, सुधाकरण, मिथलेश महतो, विवेक आर्या, प्रमोद मिश्रा और विमल यादव जैसे शीर्ष माओवादियों का कार्यक्षेत्र रहा। साल 2019 में देवकुमार की मौत के बाद सुधाकरण को जिम्मेदारी मिली, लेकिन सुधाकरण के तेलंगाना में सरेंडर के बाद विमल यादव को यहां की कमान सौंपी गई थी।

लेवी की भारी रकम बूढ़ापहाड़ तक पहुंचायी जाती थी 

झारखंड में लातेहार, लोहरदगा, गुमला में कोयल शंख जोन के जरिए बड़े पैमाने पर लेवी की वसूली होती थी। सरकारी ठेकों, बीड़ी पत्ता कारोबारियों से लेवी वसूली कर भारी रकम बूढ़ापहाड़ के नक्सलियों तक पहुंचायी जाती थी। माओवादियों को पैसे झारखंड के इलाके से मिलते थे, जबकि छत्तीसगढ़ के रास्ते वहां रहने वाले माओवादियों तक रसद पहुंचायी जाती थी। झारखंड पुलिस के आईजी ऑपरेशन अमोल वी होमकर के मुताबिक, पुलिस ने पहले माओवादियों के लेवी तंत्र पर रोक लगाने की योजना बनायी।

बुद्धेश्वर उरांव का काम था लेवी वसूलकर पहुंचाना 

लेवी वसूलकर माओवादी शीर्ष तक पहुंचाने का काम रीजनल कमांडर बुद्धेश्वर उरांव का था। लेकिन, सुरक्षा बलों ने बुद्धेश्वर को 15 जुलाई 2021 को कुरूमगढ़ में मार गिराया था। इसके बाद लेवी वसूली की जिम्मेदारी रवींद्र गंझू को मिली। फरवरी 2022 में पुलिस ने रवींद्र गंझू के दस्ते के खिलाफ ऑपरेशन डबल बुल शुरू किया था। तब रवींद्र दस्ते के एक दर्जन से अधिक माओवादी पकड़े गए, भारी पैमाने पर हथियार भी बरामद किए गए थे। इसके बाद से बूढ़ापहाड़ तक पहुंचने वाली लेवी पूरी तरह बंद हो गई।

रणनीति के तहत आगे बढ़ते हुए कैंप बनाती रही पुलिस

पुलिस ने 3 सितंबर से बूढ़ापहाड़ पर चढ़ने की शुरुआत की थी। इस दौरान माओवादियों के कई ठिकानों पर शेलिंग कर आगे बढ़ती रही। इस दौरान महत्वपूर्ण इलाकों में कैंप बनाया। छत्तीसगढ़ के इलाके पुंदाग और पीपराढीपा में भी कैंप स्थापित कर सुरक्षाबलों की तैनाती की। बूढ़ा नदी पर पुल बनाया। अब हेलीकॉप्टर पहुंचने से सुरक्षाबलों को रसद पहुंचाने में आसानी होगी। पूर्व में माओवादियों ने बूढ़ापहाड़ में आईईडी लगा रखा था। इस वजह से पुलिस को भारी नुकसान हुआ। 2018 में यहां छह जवान शहीद भी हो गए थे।

ऑपरेशन आईजी अमोल वी होमकर ने कहा, ‘बूढ़ापहाड़ का नक्सल मुक्त होना पुलिस के लिए बड़ी सफलता है। पुलिस ने पूरे बूढ़ापहाड़ को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस रणनीतिक लिहाज से यहां कैंप बना रही है। खदेड़े जा चुके माओवादियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान जारी है।’

माओवादियों की आपसी कलह का मिला फायदा

सुरक्षाबलों ने यहां माओवादियों के आपसी कलह का फायदा उठाया। बिरसाई समेत कई माओवादी या तो सरेंडर किए या गिरफ्तार हुए। साल 2021 में माओवादियों ने मिथलेश को यहां भेजा, लेकिन बाद में माओवादियों के बीच आपसी कलह के कारण मिथलेश बूढ़ापहाड़ से निकलकर बिहार चला गया, जहां वह गिरफ्तार हो गया। इसके बाद बूढ़ापहाड़ पर सैक कमांडर मारकुस बाबा उर्फ सौरभ, सर्वजीत यादव, नवीन यादव अपने दस्ते के साथ कैंप कर रहे थे। पुलिस अभियान के बाद दस्ता बूढ़ापहाड़ से जा चुका है।

चार किरदार, जिनकी वजह से मुक्त हुआ बूढ़ापहाड़

बूढ़ापहाड़ को मुक्त कराने की जिम्मेदारी डीजीपी नीरज सिन्हा ने खुद उठायी थी। उनके साथ आईजी अभियान अमोल वी होमकर, डीआईजी जगुआर अनूप बिरथरे, स्पेशल ब्रांच व एसआईबी की एसपी शिवानी तिवारी की भूमिका अहम रही। बूढ़ापहाड़ व उसके पूर्व ऑपरेशन डबल बुल के लिए सूचना जुटाने से लेकर अभियान चलाने का जिम्मा आईजी अभियान अमोल वी होमकर व अनूप बिरथरे को था। शिवानी तिवारी जो गढ़वा में रहते हुए अभियान का नेतृत्व कर चुकी थीं, उन्हें भी अभियान में जोड़ा गया था।

RELATED ARTICLES

ADVERTISMENT

Most Popular