धनबाद में गांव के एक शादीशुदा युवक ने सोती हुई नाबालिग किशोरी से रेप की कोशिश की। सफलता नहीं मिलने पर उसके साथ मारपीट की और पेट्रोल छिड़ककर जलाने की धमकी देकर मौके से फरार हो गया।
धनबाद के बरियो पंचायत अंतर्गत कुरबा रजवार टोला निवासी लखी रजवार नामक युवक ने गांव के ही एक घर में घुसकर नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। सफलता नहीं मिलने पर उसने मारपीट की और पेट्रोल छिड़क कर किशोरी को जलाने की धमकी दी। घटना बीते रविवार रात दो बजे की है। इस संबंध में गोविंदपुर थाना में लखी रजवार के खिलाफ दुष्कर्म की कोशिश की प्राथमिकी दर्ज हुई है।
पुलिस उसकी खोज कर रही है, परंतु वह अभी तक पकड़ में नहीं आया है। पुलिस इंस्पेक्टर उमेश प्रसाद सिंह ने बताया कि लखी रजवार के खिलाफ छेड़खानी एवं पॉक्सो एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। पुलिस उसकी धरपकड़ के लिए जगह-जगह छापेमारी कर रही है।
आरोप है कि रवि रजवार का शादीशुदा 30 वर्षीय पुत्र लखी रजवार गांव के एक स्वजातीय घर में किसी तरह घुस गया। उसकी मंशा सोई हुई किशोरी संग दुष्कर्म करने की थी। इस बीच किशोरी की ममेरी बहन जाग गई और हल्ला करने लगी। शोरगुल सुन कर उसकी फुफेरी बहन भी जाग गई। दोनों बहनें मिलकर हल्ला करने लगी। शोर से परेशान लखी ने मारपीट की और वहां से भाग निकला।
जाते-जाते उसने चेतावनी दी कि यदि मामले की जानकारी दूसरों को दी तो वह किशोरी पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा देगा। लखी एक बोतल में पेट्रोल लेकर गया था। दोनों लड़कियों ने लखी रजवार को पहचान लिया। दोनों लड़कियों के परिजनों ने रात में ही लखी के पिता रवि रजवार को घटना की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि अभी लखी घर में नहीं है। सुबह इसकी पंचायती होगी, परंतु सोमवार को पंचायती बैठने पर लखी हाजिर नहीं हुआ। इसके बाद मंगलवार को मामला गोविंदपुर थाना गया और पुलिस ने कांड अंकित किया है। अभी तक आरोपी गिरफ्तार नहीं हो पाया है। दोनों किशोरियां दसवीं में पढ़ती हैं। शर्म से दोनों स्कूल और ट्यूशन नहीं जा रही है।




