दिल्ली सरकार के कथित घोटाले के स्टिंग वीडियो को लेकर भाजपा ने मोर्चा खोल दिया है। भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी के साथ संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस में विधायकों ने कहा कि दिल्ली सरकार के रवैये से लगता है कि स्टिंग वीडियों में सब कुछ साफ होने के बाद भी वह सिसोदिया पर कार्रवाई करने से बच रही है।
सुधांशु त्रिवेदी ने आरोप लगाते हुए कहा कि हाल ही में एक स्टिंग वीडियो के सामने आने के बाद खुद के कट्टर ईमानदार होने का दावा करने वाली आम आदमी पार्टी का स्पष्ट तौर पर पर्दाफाश हो गया है। इसके बावजूद वह मुद्दे से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है। दिल्ली के भाजपा विधायकों को दिल्ली सरकार की इस भटकाव की रणनीति को देखते हुए संदेह है कि वह आबकारी नीति में हुईं अनियमितताओं की उचित जांच नहीं होने देगी।
त्रिवेदी ने कहा कि मुख्यमंत्री को मामले में या तो कार्रवाई करनी चाहिए या फिर सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। क्योंकि, उन्होंने लोगों को भ्रष्टाचार के सबूत के तौर पर स्टिंग वीडियो उपलब्ध कराने पर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया था। दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री ने विधानसभा में भाजपा विधायक के सवालों का जवाब नहीं दिया।
गौरतलब है कि भाजपा ने हाल ही में शराब घोटाले में उप मुख्यमंत्री सिसोदिया की भूमिका को कथित रूप से उजागर करने वाला एक स्टिंग टेप जारी किया था। हालांकि, सिसोदिया ने अपने खिलाफ सभी दावों का खंडन किया है। सीबीआई आबकारी नीति के कार्यान्वयन में कथित अनियमितताओं की जांच कर रही है।
आबकारी नीति के विरोध में प्रदर्शन
नई आबकारी नीति के विरोध में गुरुवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने आप मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। आईटीओ चौक से भाजपा कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए आम आदमी पार्टी के मुख्यालय तक गए। इस दौरान उन्होंने उप मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग की




